logo-image

गठबंधन के ऐलान के बाद सपा और कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, कांग्रेस ने 41 जबकि सपा ने दिए 77 उम्मीदवारों को टिकट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन का ऐलान होने के तत्काल बाद सपा ने 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी 403 विधानसभा सीटों में से 298 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Updated on: 23 Jan 2017, 09:36 AM

highlights

  • गठबंधन का ऐलान होने के तत्काल बाद सपा ने 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है
  • कांग्रेस ने भी पहले औऱ दूसरे चरण के लिए 41 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है

New Delhi:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन का ऐलान होने के तत्काल बाद सपा ने 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इससे पहले सपा दो लिस्ट जारी कर चुकी है जिनमें 191 और 18 उम्मीदवारों को टिकट दिए जा चुके हैं। सपा ने अब तक 286 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी को अब महज 12 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान करना बाकी है।

गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी 403 विधानसभा सीटों में से 298 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

गठबंधन की घोषणा होने के बाद कांग्रेस ने भी पहले औऱ दूसरे चरण के लिए 41 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने जितिन प्रसाद को तिलहर विधानसभा से टिकट दिया है वहीं प्रदीप माथुर मथुरा से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने इमरान मसूद को नाकुर से अपना उम्मीदवार बनाया है।

गठबंधन की घोषणा होने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'हमारे लिए चुनाव जीतने से कहीं ज्यादा सपा के साथ गठबंधन की मदद से हमारे लिए चुनाव जीतने से कहीं ज्यादा सांप्रदायिक और विभाजनकारी शक्तियों को मात देना अहम है।'

इससे पहले बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। पार्टी ने दूसरी सूची में 155 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इससे पहले आई सूची में पार्टी ने 149 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।

और पढ़ें: उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन का ऐलान: 298 सीटों पर सपा जबकि 105 सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव

403 विधानसभा सीटों के लिए बीजेपी अब तक 304 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है । पार्टी की दूसरी सूची में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह को नोएडा से टिकट दिया गया है। मौजूदा विधायक विमला बाथम का टिकट काट दिया गया है।

वहीं कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुई रीता बहुगुणा जोशी को पार्टी ने लखनऊ कैंट से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा सांसद संजय सिंह की पत्नी गरिमा सिंह को अमेठी से उम्मीदवार बनाया है।

बीजेपी की दूसरी सूची में कई वरिष्ठ नेताओं के सगे संबंधियों को टिकट दिया गया है। पार्टी के सांसद हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को कैराना से विधानसभा का टिकट दिया है। वहीं कल्याण सिंह की बहू को अतरौली से टिकट दिया गया है। कांग्रेस के एक अन्य नेता नंद कुमार नंदी को भी पार्टी ने टिकट दिया है। सिद्धार्थ नाथ सिंह को इलाहाबादा पश्चिम से टिकट दिया गया है।

और पढ़ें: यूपी के लिए बीजेपी की दूसरी लिस्ट में भाई-भतीजावाद का बोलबाला, राजनाथ के बेटे को नोएडा से टिकट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। पिछले आम चुनाव में बीजेपी ने कुल 80 लोकसभा सीटों में से 73 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में रविवार को एक बड़े सियासी घटनाक्रम के तहत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन का ऐलान हो गया।

चुनाव पूर्व हुए गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी जहां कुल 403 सीटों में से 298 पर चुनाव लड़ेगी वहीं कांग्रेस को 105 सीटें दी गई है।

और पढ़ें: Exclusive: बीजेपी-अकाली गठबंधन, चुनावी मुद्दों और राजनीतिक संभावनाओं को लेकर वित्त मंत्री अरुण जेटली से खास बातचीत