logo-image
लोकसभा चुनाव

काजोल से अनुष्का तक, इन एक्ट्रेसेस ने करियर के पीक पर की शादी

इन अभिनेत्रियों ने करियर के पीक में शादी कर ये साबित कर दिया है कि वह खुद को लेकर कॉन्फिडेंट हैं। शादी के बाद भी वह फिल्म इंडस्ट्री में शानदार काम कर रही हैं।

Updated on: 04 May 2018, 11:55 PM

मुंबई:

इन दिनों चारों तरफ सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी की चर्चा हो रही है। इस बीच यह खबर भी आ रही है कि दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी नवंबर महीने में सात फेरे ले सकते हैं। आपको बता दें कि दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं। पिछले साल अनुष्का शर्मा भी विराट कोहली के साथ शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। ये अभिनेत्रियां अपने करियर के पीक पर शादी कर बॉलीवुड के मिथ को तोड़ रही हैं। यहां हम आपको ऐसी एक्ट्रेसेस के बारे में बताने जा रहे हैं, जो इस लिस्ट में शामिल हैं...

ये भी पढ़ें: सोनम और आनंद के ये होंगे लकी डिज़ाइनर, तैयारियों में जुटी कपूर-आहूजा फैमिली

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली (ट्विटर)
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली (ट्विटर)

अनुष्का शर्मा ने साल 2008 में शाहरुख खान के साथ फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'बैंड बाजा बारात', 'जब तक है जान' और 'पीके' जैसी हिट फिल्मों में काम किया। फिर उन्होंने 2015 में 'एनएच 10' फिल्म से प्रोडक्शन डेब्यू किया। 2016 में उन्होंने 'ऐ दिल है मुश्किल' और सुल्तान जैसी सुपरहिट फिल्म में खूब तारीफें बटोरी। करियर के पीक में 2017 में उन्होंने विराट कोहली से शादी कर ली। शादी के बाद भी वह फिल्मों में बिजी हैं। इन दिनों वह शाहरुख खान के साथ 'जीरो' फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। वरुण धवन के साथ वह 'सुई धागा' में भी नजर आएंगी। इसके अलावा प्रोडक्शन हाउस में दो और फिल्में बनाई, 'फिल्लौरी' और 'परी'। इन दिनों आईपीएल चल रहा है तो वह पति विराट को सपोर्ट करने स्टेडियम भी जाती हैं।

करीना कपूर और सैफ अली खान (फाइल फोटो)
करीना कपूर और सैफ अली खान (फाइल फोटो)

करीना कपूर खान इन दिनों 'वीरे दी वेडिंग' के प्रमोशन में बिजी हैं। फिल्म के ट्रेलर में करीना को देखने के बाद फैंस हैरान हैं कि वह उतनी ही ग्लैमरस लग रही हैं, जितना तैमूर के जन्म होने के पहले थीं। हाल ही में एक इंटरव्यू में करीना ने बताया भी था कि सैफ अली खान खुद उन्हें कमबैक करने के लिए मोटिवेट करते थे। सैफ-करीना पहले अफेयर, फिर लिव-इन और पांच साल के रिलेशनशिप के बाद 2012 में शादी के बंधन में बंधे। दोनों की मुलाकात 'ओमकारा' के सेट पर हुई। फिर 'टशन' की शूटिंग के वक्त नजदीकियां बढ़ी। करीना ने 'जब वी मेट', '3 इडियट्स', 'रावन' और 'बॉडीगार्ड' जैसी हिट फिल्मों में काम किया। शादी के बाद उन्होंने 'बजरंगी भाईजान' जैसी सुपरहिट फिल्म दी। अभी भी वह कई प्रोजक्ट्स में बिजी हैं।

ऐश्वर्या राय बच्चन (फाइल फोटो)
ऐश्वर्या राय बच्चन (फाइल फोटो)

विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय बच्चन की खूबसूरती की पूरी दुनिया दीवानी है। 1994 में मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। 'हम दिल दे चुके सनम', 'देवदास', 'धूम 2' जैसी हिंदी फिल्मों समेत तेलुगू, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी मूवीज में भी काम कर चुकी हैं। 2007 में उन्होंने अभिषेक बच्चन के साथ शादी कर ली। दोनों की 6 साल की बेटी आराध्या भी है। ऐश ने 'ऐ दिल है मुश्किल' फिल्म में एक बार फिर ग्लैमर का तड़का लगाया। वह जल्द ही 'फन्ने खां' में नजर आएंगी।

काजोल
काजोल

जब काजोल की शादी (1999) हुई, तब उनका करियर एकदम पीक पर था। अजय देवगन से सात फेरे लेने के बाद उनके करियर को लेकर कई सवाल उठाए गए, लेकिन उन्होंने यह साबित कर दिया कि शादी के बाद करियर खत्म नहीं होता है। काजोल ने 'दिल वाले दुल्हनियां ले जाएंगे', 'कभी खुशी कभी गम', 'कुछ कुछ होता है', 'करण अर्जुन' और 'बाजीगर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है। उन्होंने शादी के बाद 'माई नेम इज खान' और 'दिलवाले' फिल्में की।

श्रीदेवी (फाइल फोटो)
श्रीदेवी (फाइल फोटो)

1996 में श्रीदेवी ने खुद से 8 साल बड़े बोनी कपूर से शादी कर सभी को हैरान कर दिया था। श्री उस वक्त बॉलीवुड की नंबर वन हिरोइन थीं। उन्होंने 'नगीना', 'चांदनी', 'जुदाई', 'मिस्टर इंडिया', 'चालबाज' और 'सदमा' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया। शादी के बाद भी श्री ने फिल्मों को अलविदा नहीं कहा। उन्होंने 'इंग्लिश विंग्लिश' से कम बैक किया और 2017 में उनकी आखिरी मूवी 'मॉम' रिलीज हुई थी। बता दें कि इस साल फरवरी महीने में दुबई में उनका निधन हो गया था।