logo-image

PM नरेंद्र मोदी ने पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर जताया शोक, जानिए किसने क्‍या कहा

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त किया है. महान हॉकी खिलाड़ी का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद 96 साल की उम्र में निधन हो गया.

Updated on: 25 May 2020, 01:30 PM

New Delhi:

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह (Balbir Singh) सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त किया है. महान हॉकी खिलाड़ी का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद 96 साल की उम्र में निधन हो गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, पदमश्री बलबीर सिंह जी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा. उन्होंने देश को गौरवांवित किया और की उपलब्धियां लेकर आए. वह बिना किसी संदेह के शानदार हॉकी खिलाड़ी थे. वह एक कोच के तौर पर भी काफी सफल रहे. उनके निधन की खबर सुनकर दुखी हूं. उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ मेरी संवेदनाएं. 

यह भी पढ़ें ः IPL 2020 को लेकर सलामी बल्‍लेबाज शिखर धवन ने कही बड़ी बात, जानिए यहां 

बलबीर सिंह के परिवार ने उनके निधन की जानकारी दी. बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी. मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. वह र्अधकौमा वाली स्थिति में थे. आठ मई को उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनका कोविड-19 का टेस्ट भी कराया गया थो जो निगेटिव आया था.
बलबीर सिंह सीनियर 1948 के लंदन ओलंपिक, 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक और 1956 के मेलबर्न ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे. मेलबर्न ओलंपिक में बलबीर सिंह सीनियर ने भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व किया था. वह 1975 में विश्व कप जीतने वाली टीम के कोच थे साथ ही उन्हीं के कोच रहते हुए हुए टीम ने 1971 का विश्व कप में कांस्य पदक जीता था. 1957 में में उन्हें पद्मश्री मिला था.

यह भी पढ़ें ः T20 विश्‍व कप होने की संभावना नही, ICC इसी सप्‍ताह कर सकता है फैसला, जानिए किसने कही ये बात

उधर भारतीय खेल जगत ने महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें ऐसा दुर्लभ आदर्श बताया जिनकी उपलब्धियां कई पीढियों तक खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी. उनके निधन पर हॉकी ही नहीं क्रिकेट जगह और राजनीतिज्ञों ने भी शोक जताया है. ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाले इकलौते भारतीय अभिनव बिंद्रा ने कहा, भारत के सबसे महान ओलंपियनों में से एक बलबीर सिंह सीनियर के निधन से दुखी हूं. उनके जैसे खिलाड़ी और आदर्श दुर्लभ होते हैं. वह आने वाली पीढी के खिलाड़ियों के प्रेरणास्रोत रहेंगे. पूर्व हॉकी कप्तान वीरेन रासकिन्हा और सरदार सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. रासकिन्हा ने ट्वीट किया, तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर के निधन से दुखी हूं. वह हमेशा मुस्कुराते रहते थे और मानसिक रूप से काफी सजग थे. वह प्रेरणास्रोत थे. सरदार ने कहा,  हॉकी के लिए यह बहुत दुखद दिन है. वह मेरे लिए और दुनिया भर के कई हॉकी खिलाड़ियों के लिए आदर्श थे. उनसे जब भी मिलता था, तब वह देश के लिए पदक जीतने के लिये प्रेरित करते थे. 

यह भी पढ़ें ः विराट कोहली टेस्‍ट और वन डे की करें कप्‍तानी, T20 में रोहित शर्मा को बनाया जाए कप्‍तान

पूर्व हॉकी कप्तान और चार बार के ओलंपियन धनराज पिल्लै ने कहा, बलबीर सर के जाने से हुए दुख को मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता. उन्होंने अपनी सादगी से सभी के दिलों को छुआ. उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं. पूर्व हॉकी कोच हरेंद्र सिंह ने उन्हें हॉकी का भीष्म पितामह कहते हुए लिख, उनकी खेल भावना और उपलब्धियों ने भारतीय खेलों के इतिहास के कई सुनहरे पन्ने लिखे. भारतीय हॉकी के लिए उनके योगदान का ऋण हम कभी नहीं चुका सकते. भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा,  बलबीर सर के निधन से दुखी हूं. हॉकी में उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता. वह हम सभी के प्रेरणास्रोत बने रहेंगे.

यह भी पढ़ें ः सचिन तेंदुलकर और पृथ्‍वी शॉ के बीच क्‍या हुई बात, शॉ ने अब किया खुलासा, आप भी जानिए 

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने लिखा, महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन से दुखी हूं. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं. वहीं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा, भारतीय हॉकी के युगपुरूष बलबीर सिंह सीनियर का निधन. उनकी उपलब्धियां आपको हैरान कर देती हैं. तीन ओलंपिक स्वर्ण और ओलंपिक फाइनल में पांच गोल.  विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर.  भारत के महानतम खिलाड़ियों में से एक.  ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.

(एजेंसी इनपुट)