/newsnation/media/media_files/2026/02/10/mahashivratri-2026-2026-02-10-15-39-44.jpg)
Mahashivratri 2026 Photograph: (SORA)
Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और तप का प्रतीक माना जाता है. इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास रखते हैं और भगवान शिव की पूजा करते हैं. लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या शिवरात्रि का व्रत सेहत के लिए फायदेमंद होता है या नहीं? खासतौर पर डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और पेट से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को व्रत रखते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जानते हैं इस बारे में डॉक्टर क्या कहते हैं.
व्रत से हो सकते हैं ये फायदे
डॉक्टरों के अनुसार, सही तरीके से रखा गया उपवास शरीर को आराम देने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर करने में मदद कर सकता है. उपवास के दौरान हल्का और सीमित भोजन खाने से पाचन तंत्र को भी राहत मिलती है. फल, दही, मखाना और पर्याप्त तरल पदार्थ लेने से शरीर डिटॉक्स हो जाता है.
ये भी पढ़ें- Fatty Liver: हर 4 में से 1 भारतीय को है फैटी लिवर! Lancet रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता, लाइफस्टाइल है सबसे बड़ा कारण
डायबिटीज मरीजों के लिए जरूरी सलाह
डायबिटीज के मरीजों के लिए लंबा उपवास रखना जोखिम भरा हो सकता है. लंबे समय तक भूखे रहने से इनका ब्लड शुगर अचानक गिर सकता है, जिससे चक्कर, कमजोरी और पसीना आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. आकाश हेल्थकेयर के सीनियर कंसल्टेंट और एचओडी-इंटरनल मेडिसिन विभाग के डॉ. राकेश पंडित के अनुसार, डायबिटीज के मरीज बिना डॉक्टर की सलाह उपवास न रखें. यदि व्रत रखना चाहते हैं तो बीच-बीच में फल, दूध या दही लेते रहे और अपनी दवाएं बिल्कुल न छोड़ें.
हाई ब्लड प्रेशर वालों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
बीपी के मरीजों में डिहाइड्रेशन से ब्लड प्रेशर असंतुलित हो सकता है. सिर्फ चाय या कॉफी के सहारे व्रत रखना इनके लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि इन्हें उपवास के दौरान नारियल पानी, नींबू पानी और सादा पानी पीते रहना चाहिए. अधिक नमक वाली व्रत की चीजें जैसे पैकेट वाले स्नैक्स को खाने से बचना चाहिए.
पेट के मरीजों के लिए खास सलाह
गैस, एसिडिटी या अल्सर की समस्या से पीड़ित लोगों को तले-भुने व्रत के पकवानों से दूरी बनानी बेहद जरूरी है. ज्यादा तेल और मसाले इनकी पेट की परेशानी को बढ़ा सकते हैं. डॉक्टर कहते हैं कि व्रत के नाम पर ज्यादा तला-भुना खाने से पेट दर्द, एसिडिटी और उल्टी की शिकायत बढ़ सकती है. इसलिए, उपवास खोलने के बाद हल्का और घर का बना भोजन ही खाना चाहिए.
किन लोगों को व्रत नहीं रखना चाहिए?
डॉक्टर के मुताबिक, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों और हाल ही में सर्जरी कराने वाले लोगों को उपवास नहीं रखना चाहिए. अगर व्रत के दौरान कमजोरी, चक्कर, घबराहट या सिरदर्द महसूस हो तो तुरंत व्रत तोड़ देना चाहिए. साथ ही डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
डॉक्टर ने दी यह सलाह
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, शिवरात्रि का व्रत आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण होता है लेकिन सेहत से समझौता नहीं किया जाना चाहिए. सही भोजन, पर्याप्त पानी और डॉक्टर की सलाह के साथ रखा गया उपवास लाभकारी हो सकता है जबकि लापरवाही नुकसानदेह साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें- Mahashivratri 2026: किन लोगों को नहीं रखना चाहिए महाशिवरात्रि का व्रत? जानें महादेव की पूजा से जुड़े नियम
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us