logo-image

कांग्रेस में चुनाव की प्रक्रिया शुरू, मिस्त्री ने की पीआरओ और एपीआरओ संग बैठक

कांग्रेस में चुनाव की प्रक्रिया शुरू, मिस्त्री ने की पीआरओ और एपीआरओ संग बैठक

Updated on: 28 Jan 2022, 10:25 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए इलेक्शन अथॉरिटी के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने शुक्रवार को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की बैठक आयोजित की।

केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता में दोपहर 12:30 और 3:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय में ये बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12:30 पीआरओ और इसके बाद अगली बैठक एपीआरओ को बुलाया गया था।

इससे पहले नवम्बर में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की सूची मधुसूदन मिस्त्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को मंजूरी के लिए भेजी थी। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद शुक्रवार को ये बैठक आयोजित की गई थी।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने दस शर्तों के साथ एक नवम्बर से देशभर में पार्टी का सदस्यता अभियान की शुरूआत की थी जो 31 मार्च तक चलेगा। कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को देखते हुए इसे अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद इस संबंध में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि 1 नवंबर से पार्टी की सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके बाद 31 अप्रैल 2022 तक अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया जा सकेगा जिसके बाद इस साल 21 अगस्त से 21 सितंबर तक पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। वहीं, सीडब्ल्यूसी सदस्यों का चुनाव 31 अक्टूबर तक कर लिया जाएगा।

फिलहाल इसी प्रक्रिया के मुताबिक, कांग्रेस के चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने चुनाव के लिए रिटर्निग अधिकारियों (पीआरओ और एपीआरओ) की सूची पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को मंजूरी मिलने के बाद शुक्रवार को बैठक बुलाई। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश को छोड़कर सभी राज्यों के लिए एक पीआरओ और 2 एपीआरओ की नियुक्त की गई है।

कांग्रेस के संविधान के मुताबिक, पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव की तारीख सीडब्ल्यूसी तय करती है, जोकि बीते 16 अक्टूबर 2021 को हुई सीडब्ल्यूसी में 21 अगस्त से 21 सितंबर तय की गई है। फिर एक रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया जाता है। इसी प्रक्रिया पर काम करने के लिए मधुसूदन मिस्त्री ने कांग्रेस अध्यक्ष से मंजूरी मांगी थी।

कांग्रेस के संविधान के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए पार्टी का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ सकता है। उस उम्मीदवार को पांच रुपये देकर आवेदन फॉर्म भरना होता है। प्रस्तावित नामों को तय तारीख के दिन रिटर्निग अधिकारी के सामने रखा जाता है। इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 7 दिन का समय दिया जाता है। बाकी बचे हुए नामों को रिटर्निग अधिकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के पास भेज देते हैं।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सभी सदस्य इस चुनाव में भाग लेने के लिए सक्षम होते हैं। यही सदस्य सीडब्ल्यूसी के सदस्यों को भी चुनते हैं। हालांकि कांग्रेस के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए अभी तक कभी भी चुनाव नहीं हुआ है, अब तक सभी कांग्रेस अध्यक्ष निर्विरोध ही चुने जाते रहे हैं। पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होने जा रहा है।

फिलहाल मधुसूदन मिस्त्री की तरफ से सभी राज्य इकाइयों को कहा गया है कि अभियान में कितने सदस्य बनाए गए, इसकी जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को 31 मार्च तक देनी है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.