logo-image

झारखंड: दो बहनों से दुष्कर्म की घटना को लेकर सरकार पर हमलावर हुई भाजपा

झारखंड: दो बहनों से दुष्कर्म की घटना को लेकर सरकार पर हमलावर हुई भाजपा

Updated on: 18 Oct 2021, 08:30 PM

रांची:

झारखंड में विधि व्यवस्था के सवाल पर भारतीय जनता पार्टी राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर हमलावर हो गयी है। गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड में दो नाबालिग बहनों से सामूहिक बलात्कार और गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड से एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म की घटना पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्य में कानून का भय खत्म हो गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आंकड़े उठाकर देख लीजिए, इस सरकार में आदिवासियों, दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ है। उनकी जमीनें लूटी जा रही हैं और सबसे खतरनाक बात यह कि इसमें सत्ताधारी पार्टी के कर्ताधर्ता ही शामिल हैं। कानून और व्यवस्था नाम की कोई चीज इस राज्य में नहीं रह गयी है।

इधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज गुमला के बिशुनपुर जाकर पीड़ित बहनों के परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि आदिवासियों की रहनुमाई का दावा करने वाली इस सरकार की आंखों से शर्म का पानी उतर गया है। राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि इस सरकार के 19 महीने के अब तक कार्यकाल में लगभग 3100 महिलाएं, बेटियां, बहनें बलात्कार का शिकार हुई हैं। झामुमो ,कांग्रेस, राजद की सरकार मूकदर्शक बनकर यह कुकर्म देख रही है। मुख्यमंत्री में थोड़ी भी नैतिकता है तो वे पीड़ित परिवार से मिलने स्वयं गुमला जायें और उन्हें न्याय दिलाने की पहल करें।

बता दें कि बीते शुक्रवार को गुमला जिले के बिशुनपुर में दुर्गा पूजा मेला से लौट रही दो नाबालिग बहनों के साथ दस युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया था। इन लड़कियों के साथ उनके दो चचेरे भाई भी थे, लेकिन अपराधियों ने उन्हें मारपीट कर भगा दिया था और लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया था। इस संबंध में बिशुनपुर थाने में मामला दर्ज होने के बाद इस मामले के एक आरोपी ने रविवार रात फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। दूसरी घटना गढ़वा के कांडी प्रखंड की है, जहां बाजार गयी 14 साल की एक लड़की का गाड़ी पर सवार कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया और बिहार के औरंगाबाद ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.