'नाक काटने वाले थे हमलावर...', स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी के ऊपर जानलेवा हमला

रीवा एक्सप्रेस में प्रयागराज जा रहे आशुतोष ब्रह्मचारी पर कथित हमला हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी नाक काटने की कोशिश की. घटना सुबह करीब 5 बजे फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

रीवा एक्सप्रेस में प्रयागराज जा रहे आशुतोष ब्रह्मचारी पर कथित हमला हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी नाक काटने की कोशिश की. घटना सुबह करीब 5 बजे फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

author-image
Ravi Prashant
New Update
Ashutosh Brahmachari attack

आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला Photograph: (X/@hindipatrakar)

रीवा एक्सप्रेस में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला किया गया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह घायल अवस्था में नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और उनकी नाक काटने की कोशिश की.

Advertisment

जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब आशुतोष ब्रह्मचारी प्रयागराज जा रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन में कुछ अज्ञात लोग अचानक उनके पास पहुंचे और उन पर हमला कर दिया.

फतेहपुर और सिराथू के बीच हुई घटना

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है. उस समय रीवा एक्सप्रेस फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी.

आशुतोष ब्रह्मचारी के अनुसार हमलावर अचानक उनके पास आए और सीधे उन पर हमला कर दिया. उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने उनकी नाक को निशाना बनाते हुए खतरनाक हथियार से वार करने की कोशिश की. हमले के बाद उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन के भीतर तेजी से भागकर टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया. इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी.

घायल हालत में अस्पताल में भर्ती

हमले के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उनके चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन में मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर साजिश का शक

इस घटना के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने इशारों में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर हमले की साजिश का शक जताया है. दरअसल आशुतोष ब्रह्मचारी ने पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और इस मामले में उनके खिलाफ कोर्ट में केस भी दर्ज कराया था. इसी विवाद के चलते इस हमले को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- प्रयागराज सिर्फ 7 घंटे में! जल्द खुलेगा 594 किमी लंबा एक्सप्रेसवे - जानें खासियत

पहले भी लगाए थे गंभीर आरोप

आशुतोष ब्रह्मचारी ने इससे पहले भी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से युवा बटुकों को आश्रमों में लाया गया और उनके साथ गलत व्यवहार किया गया. उन्होंने एक आश्रम में अनुचित गतिविधियों और दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए थे. इन आरोपों के बाद यह मामला काफी चर्चा में आ गया था और विवाद बढ़ गया था.

पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे तथ्य

फिलहाल ट्रेन में हुए इस हमले को लेकर पुलिस जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी.

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला किसी व्यक्तिगत विवाद का परिणाम है या इसके पीछे कोई साजिश है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें- Railway News: ट्रेन में TTE ने आपके साथ की बदतमीजी? जानें कहां आप कर सकते हैं शिकायत

Advertisment