logo-image

BCCI ने पद्म भूषण के लिए भेजा पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम

बीसीसीआई ने पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को क्रिकेट में उनके योगदान के लिये देश के तीसरे उच्चतम नागरिक पुरस्कार - पद्म भूषण के लिए नामांकित किया है।

Updated on: 20 Sep 2017, 02:22 PM

नई दिल्ली:

बीसीसीआई ने पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को क्रिकेट में उनके योगदान के लिये देश के तीसरे उच्चतम नागरिक पुरस्कार - पद्म भूषण के लिए नाम भेजा है।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की पुष्टि करते हुये कहा कि बोर्ड ने इस वर्ष पद्म पुरस्कारों के लिए केवल एक नाम भेजा है। जिसमें भारत के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी के नाम भेजने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

आपको बता दें अगर धोनी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाता है, तो वह 11 वें भारतीय क्रिकेटर बन जायेगें जिन्हें पद्म भूषण से सम्मान प्राप्त होगा।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी को बीसीसीआई द्वारा पद्म भूषण पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। धोनी के नाम को लेकर सदस्यों के बीच कोई मतभेद नहीं था।

यह भी पढ़ें: श्रीलंका ने किया ICC वर्ल्ड कप 2019 के लिए क्वालीफाई, वेस्टइंडीज को लगा झटका

आपको बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को दो विश्व कप खिताब (2011 50-ओवर विश्व कप और 2007 विश्व टी 20) जिताये हैं।

गौरतलब है कि बीसीसीआई ने इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए कोई अन्य नामांकन नहीं भेजा है।

36 वर्षीय धोनी ने 302 एकदिवसीय मैचों में 9737 रन बनाए हैं और 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए हैं। उन्होंने 78 टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं जिसमें उन्होनें 1212 रन बनाये हैं।

धोनी ने अपने करियर के दौरान 16 अंतर्राष्ट्रीय शतक (टेस्ट में 6 और वनडे में 10) और 100 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाये हैं। विकेटकीपर के तौर पर धोनी ने 584 कैच और 163 स्टंपिंग भी की हैं।

धोनी को प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड, राजीव गांधी खेल रत्न और पद्म श्री पुरस्कार से पहले ही सम्मानित किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने की नई पांच सदस्यीय चयन समिति की घोषणा