logo-image

जायरा वसीम छेड़खानी मामला: आरोपी के बचाव में उतरी पत्नी, लगाया पब्लिसिटी स्टंट का आरोप

जायरा वसीम छेड़खानी मामले में आरोपी विकास सचदेवा की पत्नी सचदेवा ने बचाव किया।

Updated on: 11 Dec 2017, 06:04 PM

नई दिल्ली:

जायरा वसीम छेड़खानी मामले में आरोपी विकास सचदेवा की पत्नी सचदेवा ने बचाव किया। दिव्या ने जायरा के आरोपों को पब्लिसिटी स्टंट बताया। उन्होने बताया कि उनके पति का पैर गलती से जायरा से छू गया था, जिसके लिए उन्होंने माफी भी मांग ली थी, फिर दो घंटे बाद जायरा ने क्यूं इस तरह का आरोप लगाया।

सचदेवा की पत्नी ने बताया, 'मेरे पति बेकसूर हैं और उनका छेड़छाड़ करने का कोई इरादा नहीं था। हमारे परिवार में एक जवान शख्स की मौत हुई थी, जहां वो गए थे। सचदेवा की पत्नी ने कहा कि मेरे पति पिछले 24 घंटों से सोये नहीं थे। उन्होंने क्रू से कहा था कि उन्हें परेशान न करें क्योंकि वह सोना चाहते हैं। उन्होंने सोते समय अपने पैर ऊपर कर लिए, उनका शोषण करने का कोई इरादा नहीं था।'

उन्होंने आगे कहा, 'इस मामले पर जायरा ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की। मुझे नहीं पता कि बाद में उन्होंने इस तरह के आरोप क्यूं लगाए, शायद उन्हें कोई गलतफहमी हो गई होगी। मेरे पति एक पारिवारिक आदमी है और वह ऐसी हरकत नहीं कर सकते। हमें न्याय चाहिए।'

बता दें कि शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने रविवार देर रात विकास को हिरासत में ले लिया। उनपर POCSO एक्‍ट और आईपीसी की धारा 354 (महिला का शीलभंग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसे भी पढ़ें: विस्तारा फ्लाइट छेड़छाड़ मामले में जायरा वसीम के समर्थन में उतरे नेता, अभि‍नेता

क्या था मामला
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता जायरा (17) ने इंस्टाग्राम पर शनिवार की रात विस्तारा एयरलाइन्स में यात्रा के दौरान हुए अपने अनुभव को साझा किया। जायरा ने शख्स के पैर का स्नैपशॉट पोस्ट किया, जिसमें उसका पैर जायरा की सीट के आर्मरेस्ट पर नजर आ रहा है।

जायरा ने पोस्ट में बताया कि वह शख्स उनके कंधे पर अपने पैर रगड़ता रहा और उसने उनकी पीठ और गर्दन पर भी पैर फिराया। इंस्टाग्राम लाइव चैट पर डाला गया वीडियो जम्मू एवं कश्मीर की रहने वाली जायरा ने खुद ही शूट किया।

इसे भी पढ़ें: इरफान का जायरा को समर्थन कहा-घटना छेड़छाड़ की तो बात धर्म की क्यों