.

राहुल गांधी कांग्रेस प्रेसीडेंट पद संभालने के लिए पूरी तरह तैयार: अमरिंदर सिंह

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस का नए प्रेसीडेंट की नियुक्ति आम सहमति से होनी चाहिए।

News Nation Bureau
| Edited By :
30 Apr 2017, 10:26:27 PM (IST)

highlights

  • अमरिंदर सिंह ने कहा कांग्रेस प्रेसीडेंट पद संभालने के लिए राहुल गांधी पूरी तरह तैयार 
  • कांग्रेस का नया प्रेसीडेंट 15 अक्टूबर तक चुना जाना है

नई दिल्ली:

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस के नए प्रेसीडेंट की नियुक्ति आम सहमति से होनी चाहिए। अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी इस पद को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार भी है। अमरिंदर का कहना है कि इस पद के लिए चुनाव कराना सही नहीं होगा।

अमरिंदर सिंह ने कहा,' चुनाव हमेशा कड़वे होते है और आम सहमति पार्टी को एक साथ रखती है। इसलिए पार्टी प्रेसीडेंट आम सहमति से चुना जाना चाहिए।'

इसे भी पढ़ें: राहुल के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर बोलीं सोनिया गांधी, 'जब होगा, पता चल जाएगा'

कांग्रेस का नया प्रेसीडेंट 15 अक्टूबर तक चुना जाना है। पार्टी के भीतर संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि ये सोनिया गांधी जी पर निर्भर करता है कि वह पार्टी मुखिया पद पर बने रहना चाहती है या नहीं। पार्टी उनके फैसले से खुश ही होगी।

अमरिंदर ने कहा,' उन्होंने बहुत मेहनत की है। अगर वो इस पद पर बने रहना चाहती है, तो पार्टी उनके इस फैसले का स्वागत करेगी। अगर वो पद को छोड़ना चाहती है तो मुझे लगता है कि राहुल पद को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार है।'

इसे भी पढ़ें: शीला दीक्षित ने कहा, राहुल गांधी रोज पार्टी ऑफिस में समय दें तो स्थिति बदल सकती है, यूपी में गठबंधन को लेकर भी उठाया सवाल

वहीं पार्टी की अध्यक्षता गांधी परिवार से बाहर के सदस्य को दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुखिया हमेशा से नेहरू-गांधी परिवार से ही रहा है। पार्टी प्रेसीडेंट के लिए मेरा वोट राहुल गांधी को जाएगा।

हालांकि अमरिंदर ने सभी राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के क्षेत्रीय नेताओं को चेहरा बनाने का समर्थन किया। उनका कहना है, ' पार्टी के नेताओं के बीच किसी तरह की नाराजगी नहीं है। सभी कुछ अच्छी तरह से हो रहा है।'

इसे भी पढ़ें: गोवा, कर्नाटक का प्रभार हटाए जाने पर बोले दिग्विजय सिंह, कहा: 'खुश हूं राहुल अपनी टीम चुन रहे हैं'

पंजाब को छोड़कर सभी 4 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर अमरिंदर ने कहा कि अभी भले ही बीजेपी की लहर चल रही हो पर दो साल बाद क्या होगा, कोई नहीं जानता। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अच्छे और दमदार नेताओं की कमी नहीं है।