/newsnation/media/media_files/2026/02/18/new-york-church-blast-2026-02-18-07-24-02.jpg)
न्यूयॉर्क के चर्च में धमाका Photograph: (X@SKithiyon56925)
New York Church Blast: न्यूयॉर्क के एक चर्च में उस वक्त अफरातरफरी मच गई. जब चर्च के अंदर अचानक से जोरदार धमाका हो गया. जिसमें पादरी समेत पांच लोग घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक, ये धमाका न्यूयॉर्क के उत्तरी क्षेत्र में स्थित 'एबंडेंट लाइफ फेलोशिप चर्च' में मंगलवार सुबह हुआ. घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि चर्च में धमाके से लोग बुरी तरह से सहम गए.
सुबह करीब साढ़े दस बजे हुए धमाका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार सुबह न्यूयॉर्क के बूनविले स्थित अबंडेंट लाइफ चर्च में जोरदार धमाका हुआ. जिसमें कम से कम पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस धमाके में चर्च की इमारत को भारी नुकसान हुआ है. विस्फोट सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जिससे घना काला धुआं आसमान में बहुत ऊपर तक फैल गया. यह चर्च सिरैक्यूज़ से लगभग 50 मील उत्तर-पूर्व में स्थित है. अधिकारियों ने बताया कि चर्च में प्रोपेन सिलेंडरों से हीटिंग की व्यवस्था थी. इमारत के अंदर गैस की गंध आने की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन दल को घटनास्थल पर बुलाया गया था.
कैसे हुआ न्यूयॉर्क के चर्च में धमाका?
न्यूयॉर्क राज्य पुलिस के मुताबिक, जब भट्टी चालू हुई तब चर्च के तहखाने में चार लोग मौजूद थे. उसी समय विस्फोट हो गया. पहली मंजिल पर मौजूद एक दमकलकर्मी इमारत के अंदर की हवा को साफ करने की कोशिश कर रहा था, तभी विस्फोट के झटके से वह दीवार से जा टकराया. जांचकर्ता अभी भी विस्फोट के सटीक कारण की पुष्टि करने में जुटे हैं, लेकिन शुरुआती जांच से प्रोपेन से संबंधित समस्या का संकेत मिला है. घायलों में 43 वर्षीय पादरी ब्रैंडन पिट्स भी शामिल हैं. बूनविले अग्निशमन विभाग के चार सदस्य भी इस धमाके में घायल हुए हैं. पांचों पीड़ितों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर है लेकिन स्थिर है.
अधिकारियों ने की बचाव कार्य में लगे कर्मियों की तारीफ
एक बयान में, ओनिडा काउंटी के कार्यकारी एंथनी पिकेंटे ने घायलों के प्रति चिंता व्यक्त की. पिकेंटे ने कहा, "हमारी संवेदनाएं विशेष रूप से बूनविले के अग्निशमन कर्मियों और चर्च के उन सदस्यों के साथ हैं जो घायल हुए हैं." उन्होंने मदद के लिए तुरंत पहुंचने वाले बचाव कर्मियों की बहादुरी की भी प्रशंसा की. पुलिस ने कहा कि विस्फोट के पीछे किसी आपराधिक गतिविधि का कोई प्रारंभिक संकेत नहीं है. चर्च की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: US: बीच मैच में चली ताबड़तोड़ गोलियां, रोड आइलैंड के हॉकी स्टेडियम में दो लोगों की मौत, तीन घायल
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us