कंबोडिया-थाईलैंड सीमा विवाद में विष्णु प्रतिमा तोड़े जाने पर भारत ने दी प्रतिक्रिया, बातचीत से की समाधान की अपील

कंबोडिया-थाईलैंड सीमा विवाद के बीच भगवान विष्णु की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है. भारत ने इसे अपमानजनक बताते हुए चिंता जताई और दोनों देशों से बातचीत व कूटनीति से समाधान की अपील की.

कंबोडिया-थाईलैंड सीमा विवाद के बीच भगवान विष्णु की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है. भारत ने इसे अपमानजनक बताते हुए चिंता जताई और दोनों देशों से बातचीत व कूटनीति से समाधान की अपील की.

author-image
Deepak Kumar
New Update
Thailand-cambodia-dispute

कंबोडिया और थाईलैंड के बीच वर्षों पुराने सीमा विवाद के बीच एक संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है. कंबोडिया ने आरोप लगाया है कि थाईलैंड की सेना ने सीमा क्षेत्र में स्थित भगवान विष्णु की एक प्रतिमा को गिरा दिया. यह घटना दोनों देशों के बीच बीते दो हफ्तों से चल रहे सैन्य तनाव के दौरान हुई बताई जा रही है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने का दावा किया जा रहा है. ऐसे में भारत ने इसे अपमानजनक बताते हुए चिंता जताई है.

Advertisment

2014 में बनाई गई थी ये प्रतिमा

कंबोडिया के अनुसार, यह विशाल विष्णु प्रतिमा वर्ष 2014 में बनाई गई थी और यह कंबोडिया के प्रीह विहियर प्रांत में स्थित थी. प्रांत के सरकारी प्रवक्ता किम चानपन्हा ने कहा कि प्रतिमा को सोमवार (22 दिसंबर) को गिराया गया और यह स्थान थाईलैंड की सीमा से करीब 100 मीटर अंदर कंबोडिया की ओर था. हालांकि, एएफपी की एक रिपोर्ट में गूगल मैप्स के आधार पर बताया गया है कि प्रतिमा सीमा रेखा से लगभग 400 मीटर दूर स्थित थी.

भारत ने जताई चिंता

इस पूरे मामले पर भारत ने भी चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में एक हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़े जाने की खबरें देखी हैं. उन्होंने कहा कि हिंदू और बौद्ध देवताओं को पूरे क्षेत्र में गहरी श्रद्धा के साथ पूजा जाता है और वे साझा सभ्यतागत विरासत का हिस्सा हैं. ऐसे अपमानजनक कृत्य दुनिया भर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए.

भारत ने दोनों देशों से अपील की है कि वे अपने सीमा विवाद को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाएं. साथ ही, जान-माल, संपत्ति और सांस्कृतिक विरासत को होने वाले नुकसान से बचने पर जोर दिया गया है.

कंबोडिया-थाईलैंड सीमा विवाद

भारत ने यह भी बताया कि सीमा के पास स्थित 12वीं सदी के प्रीह विहियर मंदिर से जुड़ी संरक्षण सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है. यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है. कंबोडिया और थाईलैंड के बीच यह सीमा विवाद औपनिवेशिक काल में तय की गई लगभग 800 किलोमीटर लंबी सीमा और प्राचीन मंदिरों को लेकर दशकों से चला आ रहा है.

यह भी पढ़ें- थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष के 16 दिन: मिलिट्री डेलीगेट्स ने युद्धविराम पर बातचीत शुरू की

Thailand-Cambodia News Thailand-Cambodia dispute International News
Advertisment