/newsnation/media/media_files/2025/08/15/trump-putin-meets-know-the-security-arrangement-of-both-leaders-2025-08-15-20-04-13.png)
Trump-Putin Talks: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिका और रूस के बीच बड़ी कूटनीतिक हलचल देखने को मिली है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सोमवार (9 मार्च) देर रात फोन पर करीब एक घंटे तक बातचीत हुई. इस बातचीत में ईरान से जुड़े युद्ध को जल्द समाप्त करने और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक रास्तों पर चर्चा की गई. रूस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार यह फोन कॉल अमेरिका की ओर से शुरू की गई थी. क्रेमलिन ने बताया कि बातचीत का माहौल खुला और रचनात्मक रहा, जिसमें मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति, ईरान के साथ चल रहे संघर्ष और यूक्रेन के हालात पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ.
मिडिल ईस्ट के संघर्ष पर चर्चा
रूस के राष्ट्रपति के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि पुतिन ने मिडिल ईस्ट में जारी सशस्त्र संघर्ष को जल्द खत्म करने के लिए कुछ कूटनीतिक सुझाव रखे. उन्होंने कहा कि रूस इस मामले में कई देशों के साथ लगातार संपर्क में है. पुतिन ने खाड़ी देशों के नेताओं और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजशिकयान से हुई अपनी हालिया बातचीत का भी जिक्र किया और कहा कि राजनीतिक बातचीत के जरिए इस संकट का समाधान निकाला जा सकता है. उशाकोव के अनुसार, ट्रंप ने भी मौजूदा सैन्य अभियान को लेकर अमेरिका का आकलन साझा किया और क्षेत्र की स्थिति पर अपनी राय रखी.
Trump and Putin discuss Iran, Ukraine conflicts during telephone call
— ANI Digital (@ani_digital) March 9, 2026
Read @ANI Story | https://t.co/VaqlHGApSe#Trump#Putin#Iran#Ukrainepic.twitter.com/hp4ICWGaDT
ट्रंप का दावा- युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चलेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चल रहा सैन्य अभियान ज्यादा समय तक नहीं चलेगा. उन्होंने इसे ‘अल्पकालिक सैन्य अभियान’ बताया. ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी सेना अपने शुरुआती लक्ष्य से आगे बढ़ चुकी है और अभियान तेजी से अपने उद्देश्यों की ओर बढ़ रहा है. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस युद्ध के दौरान ईरान की सैन्य क्षमता को काफी नुकसान हुआ है. उनके अनुसार ईरान की नौसेना, वायुसेना और संचार व्यवस्था को भारी क्षति पहुंची है. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.
#WATCH | US President Donald Trump says, "I had a very good call with President Putin...We were talking about Ukraine, which is just a never-ending fight...We obviously talked then about the Middle East and he wants to be helpful. I said, you could be more helpful by getting the… pic.twitter.com/dXVE4iXTEZ
— ANI (@ANI) March 9, 2026
तेल बाजार और वेनेजुएला पर भी चर्चा
इस फोन कॉल में दोनों नेताओं ने वैश्विक तेल बाजार की स्थिति पर भी बात की. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति और तेल की कीमतों पर पड़ रहा है. इसी वजह से अमेरिका और रूस दोनों इस स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं. उशाकोव ने बताया कि बातचीत में वेनेजुएला की स्थिति और वैश्विक तेल आपूर्ति से जुड़ी अनिश्चितताओं का भी जिक्र हुआ. क्रेमलिन के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का लहजा व्यावहारिक और स्पष्ट रहा.
यूक्रेन मुद्दे पर भी विचार
फोन पर हुई बातचीत में रूस-यूक्रेन संघर्ष का मुद्दा भी उठा. बताया गया कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन में चल रहे हालात और उससे जुड़े कूटनीतिक प्रयासों पर भी चर्चा की. गौरतलब है कि दिसंबर के बाद ट्रंप और पुतिन के बीच यह पहली सीधी बातचीत थी. इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात पिछले साल अगस्त में अलास्का में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी. यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है और पूरी दुनिया इस संकट के जल्द समाधान की उम्मीद कर रही है.
यह भी पढ़ें- ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई के घायल होने का दावा, ग्राउंड रिपोर्ट में जानिए सच्चाई
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us