/newsnation/media/media_files/2025/05/13/yjfoG9gqM8ey0jePFSK9.jpg)
Photograph: (News Nation)
Aaj Ka Mausam: मार्च का पहला सप्ताह खत्म होने से पहले ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. आज (7 मार्च) यानी शनिवार की सुबह कुछ इलाकों में हल्की ठंडक और साफ आसमान देखने को मिला, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई. हालांकि मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, धूप तेज होती जाएगी और तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है. तो आइए नजर डालते हैं आज और आने वाले दिनों के वेदर रिपोर्ट पर.
गर्मी का असर बढ़ना शुरू
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मार्च के इस समय में सर्दी धीरे-धीरे विदा ले रही है और गर्मी का असर बढ़ना शुरू हो गया है. दिन के समय कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. उत्तर और पश्चिम भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यही वजह है कि कुछ जगहों पर लू जैसे हालात बनने की चेतावनी भी दी गई है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 6, 2026
मुख्य बिंदु
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्सों में अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 8–10 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है और उसके बाद इसमें कमी आने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी मैदानों में 5–7 डिग्री सेल्सियस और सटे हुए मध्य भारत में 4–6… pic.twitter.com/0uBwPUvbJZ
विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह का मौसम भले ही थोड़ा ठंडा और आरामदायक लगे, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्म हवा लोगों को परेशान कर सकती है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय ज्यादा देर तक धूप में बाहर निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें.
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ से बादल और हल्की बारिश की संभावना
हालांकि देश के सभी हिस्सों में एक जैसा मौसम नहीं रहेगा. पहाड़ी क्षेत्रों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छा सकते हैं. कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे वहां के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है और मौसम ठंडा बना रह सकता है.
इसके अलावा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में दोपहर या शाम के समय बादल बन सकते हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
मौसम विभाग का किसानों के लिए सलाह
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के महीने में इस तरह का उतार-चढ़ाव सामान्य बात है, क्योंकि यही वह समय होता है जब सर्दी खत्म होती है और गर्मी की शुरुआत होती है. बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. गेहूं, चना, सरसों और आलू जैसी फसलों पर गर्मी का असर पड़ सकता है. इसलिए खेतों में नमी बनाए रखने और सुबह या शाम के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र-बिहार समेत इन 9 स्टेट्स में राज्यपालों और उपराज्यपालों का हुआ फेरबदल, दिल्ली को मिला नया एलजी
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us