/newsnation/media/media_files/2026/02/17/viral-stunt-video-2026-02-17-17-30-22.jpg)
वायरल वीडियो Photograph: (X/@Lawyer_Kalpana)
सोशल मीडिया पर आजकल रील बनाने का भूत युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है. दिल्ली से एक ऐसा ही चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो बाइक सवार युवक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ये युवक बीच सड़क पर खुलेआम स्टंटबाजी कर रहे हैं और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं.
चलती बस का दरवाजा खोला
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहा है. हद तो तब हो गई जब उसने चलती हुई बस के करीब जाकर उसका दरवाजा खोल दिया. वहीं, उसका दूसरा साथी एक ऑटो (टेंपू) का दरवाजा खोलता हुआ दिखाई दे रहा है. इन युवकों की इस हरकत से बस और ऑटो में बैठे यात्री भी सहम गए. यह वीडियो साफ दिखाता है कि इन लड़कों के मन में कानून का कोई डर नहीं है.
बस के आगे अड़ाई बाइक
स्टंटबाजी यहीं नहीं रुकी एक युवक ने तो अपनी बाइक सीधे एक डीटीसी (DTC) बस के आगे ले जाकर रोक दी, जिससे बस ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगाने पड़े. इस वजह से सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई. वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है. लोगों ने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए लिखा है कि ऐसे 'रीलबाजों' पर भारी जुर्माना और जेल की सजा होनी चाहिए ताकि दूसरों को सबक मिल सके.
तत्काल संज्ञान लेना चाहिए @DelhiPolice@CPDelhipic.twitter.com/d6tswN3gno
— कल्पना श्रीवास्तव 🇮🇳 (@Lawyer_Kalpana) February 16, 2026
पुलिस कर रही है जांच
दावा किया जा रहा है कि यह पूरा मामला दिल्ली का ही है. वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस अब एक्टिव हो गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के जरिए इन बाइक सवारों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर इस तरह की हरकतें करना न सिर्फ गैर-कानूनी है, बल्कि यह दूसरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है. जल्द ही इनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- Meerut Metro: मेरठ में चलेगी देश की सबसे तेज स्पीड वाली मेट्रो, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us