/newsnation/media/media_files/2026/02/15/maha-shivratri-magh-mela-snan-2026-2026-02-15-11-19-56.jpg)
Maha shivratri Magh Mela Snan 2026
Mahashivratri Magh Mela Snan 2026: आज यानी 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रयागराज में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला. त्रिवेणी संगम पर तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई. ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा. माघ मेले के अंतिम दिन ग्रह-नक्षत्रों के विशेष संयोग ने इस स्नान को अत्यंत पुण्यदायी माना गया.
माघ मेला 2026 का समापन
संगम की रेती पर सजा माघ मेला 2026 आज अपने 44वें और अंतिम दिन में प्रवेश कर गया है. देशभर से आए श्रद्धालुओं ने संगम स्नान कर पुण्य अर्जित किया. स्नान के बाद भक्त गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर रवाना होते दिखे.
अंतिम स्नान पर्व पर संगम तट का नजारा बेहद खास रहा. गाजीपुर से आए शिवभक्त लक्ष्मण सिंह लोगों के आकर्षण का केंद्र बने. डफली और रुद्राक्ष माला के साथ वे भजनों से शिव महिमा का गुणगान करते दिखे. श्रद्धालुओं ने मेले की व्यवस्थाओं की भी सराहना की.
अयोध्या में शिवभक्ति की धूम
महाशिवरात्रि पर अयोध्या पूरी तरह शिवमय नजर आई. तड़के सुबह से ही नागेश्वर नाथ मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए. सरयू स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. शाम को भव्य शिव बारात निकालने की भी तैयारियां रहीं.
बुलंदशहर में घाटों पर भीड़
बुलंदशहर के रामघाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुरक्षा को देखते हुए ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई. प्राचीन शिव मंदिरों में आधी रात से ही जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा.
मेला प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा. सुबह 6 बजे तक करीब 10 लाख लोगों ने संगम में स्नान किया. अनुमान है कि पूरे दिन में यह संख्या लगभग एक करोड़ तक पहुंच सकती है.
शिव अभिषेक का विशेष महत्व
महाशिवरात्रि पर संगम स्नान के बाद शिवालयों में जलाभिषेक की परंपरा निभाई गई. अन्न, वस्त्र और दान-पुण्य को आज के दिन विशेष फलदायी माना गया. 3.5 किलोमीटर लंबे घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए.
AI कैमरों से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए. पूरे मेला क्षेत्र में 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए. इनमें 150 से अधिक AI कैमरे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं. यूपी पुलिस, पीएसी, आरएएफ और एटीएस की टीमें तैनात रहीं.
22 करोड़ श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड
माघ मेला 2026 ने इतिहास रच दिया है. इस वर्ष अब तक 22 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं. महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान के साथ ही मेले का औपचारिक समापन हो गया. कल्पवासी और श्रद्धालु अगले वर्ष की प्रतीक्षा के साथ विदा हुए.
यह भी पढ़ें: Maha Shivratri 2026: भगवान शिव की कृपा पाने के लिए आज महाशिवरात्रि पर करें आरती, जीवन के सभी कष्टों से मिलेगी मुक्ति
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us