logo-image

प्रियंका गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से लड़ सकती हैं चुनाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-समाजवादी पार्टी गठबंधन की सूत्रधार रहीं प्रियंका गांधी 2019 में रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

Updated on: 25 Jan 2017, 09:33 AM

नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-समाजवादी पार्टी गठबंधन की सूत्रधार रहीं प्रियंका गांधी 2019 में रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। इस सीट पर प्रियंका की मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव लड़ती हैं।

अब तक पर्दे के पीछे काम कर रहीं प्रियंका गांधी की सक्रियता और बढ़ते कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें कांग्रेस ने पहली बार विधानसभा चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी है। हालांकि कांग्रेस ने कहा है कि वह सिर्फ अमेठी और रायबरेली में चुनाव प्रचार करेंगी। अमेठी राहुल गांधी का लोकसभा क्षेत्र है।

इससे पहले प्रियंका ने कांग्रेस-समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन टूटने से बचा लिया था। ऐसा लग रहा था कि सीटों पर सहमति नहीं बनने के कारण कांग्रेस-सपा का गठबंधन नहीं होगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ राहुल गांधी और उनके करीबियों के साथ कई दौर की बातचीत हुई लेकिन सीटों पर सहमति नहीं बन पायी थी। लेकिन प्रियंका गांधी ने खुद इस मामले में हस्तक्षेप किया और चुनाव पूर्व सपा-कांग्रेस का गठबंधन करवाया।

और पढ़ें: कांग्रेस बोली, प्रियंका केवल रायबरेली और अमेठी में प्रचार करेंगी

कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 105 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि समाजवादी पार्टी 298 सीटों पर हाथ आजमा रही है। हालांकि अब तक यह फैसला नहीं हो पाया है कि कांग्रेस किस-किस विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

रायबरेली में लोगों से बात करती हुईं प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)
रायबरेली में लोगों से बात करती हुईं प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)

कांग्रेस के कई समर्थक प्रियंका गांधी से प्रचार करने की मांग करते रहे हैं। खबर है कि प्रियंका उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव के साथ मंच साझा कर सकती हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रियंका रायबरेली सीट से 2019 में चुनाव लड़ेंगीं। वह अक्सर रायबरेली का दौरा करती रही हैं। हालांकि कांग्रेस प्रियंका गांधी का निजी फैसला बताते हुए खबरों को खारिज करती रहती है।

कांग्रेस नेता प्रमोदी तिवारी ने कहा, 'प्रियंका कब राजनीति में आएंगी और कहां से चुनाव लड़ेंगी ये तो गांधी परिवार तय करेगा। लेकिन जब राहुल जी आए तो सोनिया जी ने उनके लिए पिता राजीव जी की अमेठी सीट चुनी और खुद रायबरेली चली गईं जहां से इंदिरा जी चुनाव लड़ा करती थीं। हम सबको प्रियंका जी में इंदिरा जी की छवि दिखती है।'