बैंक में खाता है तो तुरंत करें ये काम, बिना किसी मेडिकल टेस्ट के पाएं 4 लाख रुपये तक का सरकारी बीमा

भारत सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बेहद कम प्रीमियम में नागरिकों को बड़ा बीमा कवच देती हैं. मात्र 456 रुपये सालाना खर्च कर व्यक्ति अपने परिवार के लिए 4 लाख रुपये तक की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है. ये योजनाएं खास तौर पर मध्यम वर्ग और मजदूर वर्ग के लिए बनाई गई हैं.

भारत सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बेहद कम प्रीमियम में नागरिकों को बड़ा बीमा कवच देती हैं. मात्र 456 रुपये सालाना खर्च कर व्यक्ति अपने परिवार के लिए 4 लाख रुपये तक की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है. ये योजनाएं खास तौर पर मध्यम वर्ग और मजदूर वर्ग के लिए बनाई गई हैं.

author-image
Ravi Prashant
New Update
government insurance scheme

कैसे मिलेगा लाभ? Photograph: (Freepik/NN)


अक्सर हम सोशल मीडिया पर '2 लाख का बीमा' जैसी बातें पढ़ते हैं और हमें लगता है कि यह कोई दिखावा होगा. लेकिन सच यह है कि भारत सरकार की दो योजनाएं ऐसी हैं जो असल में आपको 4 लाख रुपये तक का सुरक्षा घेरा दे सकती हैं. इस वीडियो और खबर का मकसद आपको उन्हीं बारीकियों से रूबरू करवाना है. हम जानेंगे कि कैसे आप बहुत ही मामूली खर्च पर जो शायद आपके एक दिन के चाय-नाश्ते से भी कम है. अपने परिवार के लिए एक बड़ा सहारा छोड़ सकते हैं. हम अक्सर बीमा को अमीरों का खेल समझते हैं, लेकिन ये सरकारी स्कीमें खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई हैं जो मेहनत-मजदूरी करते हैं या मध्यम वर्ग से आते हैं.

Advertisment

क्यों जरूरी है जीवन बीमा? 

जीवन बीमा लेना कोई शौक नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है. इसे एक सुरक्षा कवच की तरह समझें. जब आप स्वस्थ होते हैं और सब कुछ सही चल रहा होता है, तब हम अक्सर इसके बारे में नहीं सोचते. लेकिन खुदा न खास्ता अगर कभी कोई अनहोनी हो जाए, तो सबसे बड़ी मार उस परिवार पर पड़ती है जो पूरी तरह से आप पर निर्भर है. हम नहीं चाहते कि हमारी गैर-मौजूदगी में हमारी पत्नी, मां या बच्चों को पैसों की तंगी की वजह से किसी रिश्तेदार के सामने गिड़गिड़ाना पड़े. हम पीछे इतना जरूर छोड़कर जाना चाहते हैं कि उन्हें कम से कम आर्थिक मजबूती मिले. यहां 2 लाख या 4 लाख रुपये की मदद कम नहीं होती, यह एक परिवार को दोबारा पैरों पर खड़ा करने में बहुत बड़ा योगदान दे सकती है.

क्या है प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)?

सबसे पहले बात करते हैं उस पहली योजना की जो आपके जीवन की सुरक्षा करती है. इसका नाम है 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना'. यह एक ऐसी सरकारी स्कीम है जो किसी भी कारण से होने वाली मृत्यु पर आपके परिवार को आर्थिक मदद की गारंटी देती है. चाहे मौत बीमारी से हो या किसी और वजह से, यह बीमा कवर काम आता है. यह एक साल का कवर होता है, जिसे आप हर साल रिन्यू करवा सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि यह पूरी तरह से सरकारी निगरानी में चलती है, इसलिए धोखाधड़ी का कोई डर नहीं रहता. इसे आप अपने बैंक या डाकघर के जरिए बहुत आसानी से शुरू करवा सकते हैं.

कौन उठा सकता है इस सुरक्षा कवच का फायदा?

इस योजना से जुड़ने के लिए सरकार ने उम्र की एक सीमा तय की है. अगर आपकी उम्र 18 साल से 50 साल के बीच है, तो आप इस योजना के लिए पूरी तरह तैयार हैं. बस एक ही शर्त है कि आपका किसी भी बैंक या पोस्ट ऑफिस में एक बचत खाता (Savings Account) होना चाहिए. यह योजना उन लोगों के लिए सबसे अच्छी है जो अभी अपनी उम्र के उस पड़ाव पर हैं जहां परिवार की जिम्मेदारी सबसे ज्यादा होती है. 50 साल की उम्र तक आप इससे जुड़ सकते हैं और 55 साल की उम्र तक इसका फायदा ले सकते हैं, बशर्ते आप हर साल इसकी फीस जमा करते रहें.

कितना पैसा लगेगा और कैसे होगा भुगतान?

अब आप सोच रहे होंगे कि इतने बड़े फायदे के लिए साल भर में हजारों रुपये देने होंगे. लेकिन यहीं पर सरकार की यह स्कीम बाजी मार लेती है. इसके लिए आपको साल भर में सिर्फ 436 रुपये देने होते हैं. अगर इसे महीनों या दिनों में बाटें, तो यह सवा रुपये प्रति दिन से भी कम पड़ता है. आपको हर साल बैंक जाकर लाइन में लगने की भी जरूरत नहीं है. बस एक बार फॉर्म भरते समय 'ऑटो-डेबिट' (Auto-Debit) की सुविधा चुननी होती है. इसके बाद हर साल मई या जून के महीने में आपके खाते से यह पैसा अपने आप कट जाएगा और आपका बीमा अगले एक साल के लिए फिर से चालू हो जाएगा.

परिवार को मिलेंगे 2 लाख

इस योजना की सबसे बड़ी ताकत इसकी सादगी है. इसमें कोई पेचीदा शर्तें नहीं हैं. अगर बीमा करवाने वाले व्यक्ति की किसी भी कारण से मृत्यु हो जाती है, तो उसके द्वारा चुने गए 'नॉमिनी' (जैसे पत्नी, बच्चा या माता-पिता) को सरकार की तरफ से 2 लाख रुपये की मदद दी जाती है. यह पैसा सीधे बैंक खाते में आता है. बस एक बात का ध्यान रखना होता है कि बीमा शुरू होने के पहले 30 से 45 दिनों का एक 'वेटिंग पीरियड' होता है, जिसके बाद ही क्लेम मिलता है (हादसे के मामले में यह नियम अलग हो सकता है). यह पैसा उस वक्त परिवार के लिए किसी मसीहा से कम नहीं होता जब कमाने वाला हाथ साथ छोड़ देता है.

अब बात दूसरे 2 लाख की

जैसा कि मैंने वीडियो की शुरुआत में कहा था, आप कुल 4 लाख तक का फायदा ले सकते हैं. दूसरा 2 लाख रुपये का फायदा आपको मिलता है 'प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना' के जरिए. यह योजना खास तौर पर दुर्घटना या एक्सीडेंट के लिए बनाई गई है. अक्सर हम सड़कों पर चलते हुए रिस्क में होते हैं। अगर किसी सड़क हादसे में मौत हो जाए या इंसान पूरी तरह से विकलांग (Disabled) हो जाए, तो यह बीमा काम आता है. यह जीवन ज्योति योजना से अलग है क्योंकि यह सिर्फ 'एक्सीडेंटल कवर' है, लेकिन इसका होना भी उतना ही जरूरी है.

सिर्फ 20 रुपये में एक्सीडेंटल कवर का सुरक्षा कवच

सुनकर यकीन नहीं होता, लेकिन इस दूसरी स्कीम की कीमत साल भर की सिर्फ 20 रुपये है. जी हां, सिर्फ 20 रुपये साल के. पहले यह फीस 12 रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 20 रुपये किया गया है. इतने कम पैसे में दुनिया का कोई भी प्राइवेट बैंक आपको 2 लाख का कवर नहीं देगा. इसमें नियम यह है कि अगर दुर्घटना में मौत होती है, तो 2 लाख रुपये मिलते हैं. अगर हाथ, पैर या आंख जैसी कोई स्थायी विकलांगता आती है, तो भी 1 से 2 लाख रुपये तक की मदद दी जाती है. यह उन लोगों के लिए बहुत जरूरी है जो फील्ड में काम करते हैं या ज्यादा यात्रा करते हैं.

बैंक या डाकघर में खाता है, तो काम है बहुत आसान

इन दोनों योजनाओं (PMJJBY और PMSBY) को लेने का तरीका बिल्कुल एक जैसा और बहुत सरल है. आपको किसी एजेंट के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है. आपका जिस बैंक में खाता है, बस वहां की अपनी ब्रांच में जाइए. वहां जाकर बैंक मैनेजर या काउंटर पर मौजूद अधिकारी से कहिए कि आपको 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' और 'सुरक्षा बीमा योजना' फॉर्म भरना है. बैंक वाले आपसे एक छोटा सा फॉर्म भरवाएंगे जिसमें आपके नॉमिनी की जानकारी मांगी जाएगी. बस, इतना करते ही आप और आपका परिवार सुरक्षित हो जाएगा.

कागजी कार्रवाई का झंझट खत्म

आजकल के डिजिटल दौर में आप यह काम अपने मोबाइल फोन से भी कर सकते हैं. अगर आप नेट बैंकिंग या मोबाइल बैंकिंग इस्तेमाल करते हैं, तो वहां 'Insurances' के सेक्शन में जाकर आप खुद इन योजनाओं को चुन सकते हैं. इसके लिए किसी मेडिकल टेस्ट की भी जरूरत नहीं होती, जो कि प्राइवेट इंश्योरेंस में बहुत बड़ा झंझट होता है. सरकार ने इसे इतना सरल बना दिया है कि एक आम आदमी भी बिना किसी की मदद के इसे अपना सकता है. बस ध्यान रहे कि आपके खाते में हमेशा कम से कम 500-600 रुपये रहें ताकि समय आने पर फीस अपने आप कट सके और आपका बीमा न टूटे. तो अगर आपने लाभ नहीं लिया है तो आज ही इन दोनों योजनाओं के लिए अप्लाई कीजिए.

ये भी पढ़ें- सड़क हादसे में घायल को मिलेगा डेढ़ लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, जानिए क्या है पीएम राहत योजना

Advertisment