LPG ही नहीं मिडिल ईस्ट युद्ध का CNG और PNG पर भी पड़ सकता है असर, आगे क्या?

LPG Stock Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध का असर भारत की ऊर्जा सप्लाई पर पड़ सकता है. होर्मुज स्ट्रेट में जहाज फंसने से एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.

LPG Stock Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध का असर भारत की ऊर्जा सप्लाई पर पड़ सकता है. होर्मुज स्ट्रेट में जहाज फंसने से एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.

author-image
Yashodhan Sharma
New Update
LPG Cylinder

LPG Cylinder Photograph: (File Photo)

LPG Stock Crisis: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब पूरी दुनिया पर पड़ने लगा है. हाल ही में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र की स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई है. इस संघर्ष में भारत सीधे तौर पर शामिल नहीं है, लेकिन इसके असर से भारत भी अछूता नहीं रह सकता. खासतौर पर भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आम लोगों की रसोई पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

Advertisment

क्या कहती हैं रिपोर्ट्स

रिपोर्ट्स के अनुसार अगर फारस की खाड़ी में जारी तनाव जल्दी खत्म नहीं हुआ, तो आने वाले हफ्तों में भारत में रसोई गैस यानी एलपीजी (LPG) की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इससे देश के करोड़ों परिवारों को गैस की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है. साथ ही गैस की कीमतें भी बढ़ सकती हैं, जिससे महंगाई और ज्यादा बढ़ने की आशंका है.

तो इसलिए रुक सकती है सप्लाई

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फारस की खाड़ी में चल रहे तनाव की वजह से गैस से भरे कई जहाज होर्मुज स्ट्रेट के आसपास फंस गए हैं. यह समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे अहम तेल और गैस परिवहन मार्गों में से एक है. अगर यहां से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो कई देशों की ऊर्जा सप्लाई पर असर पड़ सकता है. भारत भी उन्हीं देशों में शामिल है जो इस रास्ते से आने वाली सप्लाई पर काफी हद तक निर्भर है.

भारत दुनिया का दूसरा LPG आयतक देश

डेटा इंटेलिजेंस फर्म केप्लर के अनुसार भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी आयातक देश है. भारत अपनी जरूरत का करीब 90 प्रतिशत एलपीजी मिडिल ईस्ट के देशों से खरीदता है. ऐसे में अगर इस क्षेत्र से सप्लाई रुकती है या धीमी पड़ती है तो भारत में गैस की कमी हो सकती है. हालांकि, भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका से भी एलपीजी खरीदने के लिए लंबी अवधि का समझौता किया है. लेकिन वहां से आने वाली गैस की मात्रा फिलहाल काफी कम है.

इसके अलावा अमेरिका से गैस लाने की लागत भी ज्यादा होती है क्योंकि दूरी अधिक है और समुद्री ढुलाई महंगी पड़ती है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अभी अमेरिका से अतिरिक्त गैस खरीदी भी जाए तो वह अप्रैल से पहले भारत नहीं पहुंच पाएगी.

विकल्प भी हैं सीमित

एक्सपर्ट्स की मानें तो भारत के पास एलपीजी के वैकल्पिक सप्लायर ढूंढने के विकल्प बहुत सीमित हैं. कुछ अतिरिक्त सप्लाई अमेरिका, रूस या अर्जेंटीना से मिल सकती है, लेकिन इसकी मात्रा ज्यादा नहीं होगी. साथ ही यह पूरी तरह वैश्विक कीमतों और जहाजों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी.

केवल 30 दिन का बचा है स्टॉक

एक सरकारी अधिकारी के अनुसार फिलहाल भारत के पास करीब एक महीने यानी लगभग 30 दिनों का एलपीजी स्टॉक मौजूद है. अगर पश्चिम एशिया में तनाव ज्यादा समय तक बना रहता है तो सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ सकता है. इस स्थिति को देखते हुए भारतीय रिफाइनरी कंपनियों ने सरकार के साथ बैठक भी की है और ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने के लिए आपातकालीन योजना पर चर्चा की गई है.

CNG-PNG पर भी पड़ सकता है असर

यह भी ध्यान देने वाली बात है कि भारत अपनी करीब दो-तिहाई एलएनजी और लगभग आधा कच्चा तेल भी इसी क्षेत्र से आयात करता है. ऐसे में अगर हालात बिगड़ते हैं तो केवल एलपीजी ही नहीं बल्कि सीएनजी और पीएनजी की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है. हालांकि भारत सरकार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है.

सरकार का क्या प्लान

सरकार के अनुसार देश में एलपीजी और एलएनजी का भंडार संतोषजनक है और सप्लाई लगातार जारी है. अधिकारियों का कहना है कि ऊर्जा सुरक्षा को लेकर भारत की स्थिति मजबूत है और जरूरत पड़ने पर दूसरे देशों से भी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. सरकार का कहना है कि रोजाना स्टॉक की भरपाई की जा रही है और आम लोगों या उद्योगों पर इसका असर नहीं पड़ने दिया जाएगा. इसलिए फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

यह भी पढ़ें: 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' से लेकर फ्री LPG सिलेंडर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द करेंगी 4 बड़ी योजनाओं का शुभारंभ

LPG cylinder
Advertisment