/newsnation/media/media_files/2025/08/20/special-trains-for-diwali-and-chhath-2025-08-20-23-09-12.jpg)
special trains for Holi
Holi Special Trains 2026: होली के त्योहार पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इन ट्रेनों का संचालन नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल से किया जा रहा है. इसका मकसद त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत देना और उन्हें सुरक्षित व आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है.
स्पेशल ट्रेन चलाने का उद्देश्य
दरअसल, हर साल होली से पहले बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, छात्र और नौकरीपेशा लोग अपने घर लौटते हैं. इस दौरान नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट हो जाती है. इसी समस्या को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की गई है. ये सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और मार्च के अंत तक चलेंगी. जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है.
इन शहरों के लिए चलेंगी ट्रेनें
नई दिल्ली स्टेशन से बरौनी, गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी, खुर्दा रोड और श्री माता वैष्णो देवी कटरा जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी बिहार जाने वाले यात्रियों को इन ट्रेनों से काफी राहत मिलेगी. नई दिल्ली से वाराणसी के बीच 6 मार्च तक विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. इसके अलावा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से पुणे के बीच 28 फरवरी से 6 मार्च तक स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. नई दिल्ली से हावड़ा के लिए भी 25 फरवरी से 3 मार्च तक अतिरिक्त ट्रेन सेवा दी जा रही है.
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से पूर्वांचल और बिहार के लिए कई ट्रेनें चलाई जा रही हैं. वहीं आनंद विहार टर्मिनल से दानापुर, मुजफ्फरपुर, जयनगर, सीतामढ़ी, गोरखपुर और खुर्दा रोड जैसे शहरों के लिए सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं. आनंद विहार से लौकहा बाजार के बीच हाई-फ्रीक्वेंसी सेवा भी शुरू की गई है. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, बुकिंग ट्रेंड और यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखकर ये ट्रेनें चलाई गई हैं, ताकि लोग होली का त्योहार अपने परिवार के साथ खुशी से मना सकें.
यह भी पढ़ें- Delhi-Meerut RRTS: सिर्फ 55 मिनट रह जाएगी दिल्ली से मेरठ की दूरी, देश के पहले नमो भारत कॉरिडोर की जानें खासियत
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us