logo-image

ऋषि कपूर ने कपिल शर्मा-सुनील ग्रोवर से कहा- मिल जाओ यारों..तो 'डॉ. गुलाटी' ने दिया ये जवाब

सिडनी से वापस लौटते समय विमान में कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच लड़ाई हुई थी।

Updated on: 18 Apr 2017, 10:15 AM

नई दिल्ली:

कॉमेडियन कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच हुए विवाद को एक महीने से ज्यादा वक्त बीत चुका है। एक तरफ दोनों के अलग होने से शो की टीआरपी गिरी है तो दूसरी तरफ कपिल और सुनील के फैंस दोनों को साथ देखने के लिए बेकरार हैं। अब तो बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर ने भी सुलह करने की गुजारिश की, लेकिन सुनील ने इस पहल को भी नकार दिया है।

दरअसल सुनील ग्रोवर ने हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी के साथ आईपीएल में कमेंट्री की थी। ऋषि कपूर ने इसी बहाने कपिल और सुनील को मिलाने के लिए सोचा और ट्वीट कर दिया। ऋषि ने ट्विटर पर लिखा, 'सन राइजर्स हैदराबाद टीम में एक कपिल शर्मा का हमशक्ल है। किसी को टीम में सुनील ग्रोवर मिला क्या? मिल जाओ यारों..।'

ये भी पढ़ें: सुनील ग्रोवर का नया इंस्टाग्राम पोस्ट, क्या फिर कपिल शर्मा पर ली चुटकी?

इसके बाद सुनील ग्रोवर ने ऋषि कपूर के इस ट्वीट का जवाब उन्हीं के अंदाज में दिया। सुनील ने लिखा, 'ऋषि कपूर सर, मैं इस सीजन में नहीं खेल रहा हूं क्योंकि मैं चोट लगने की वजह से रिटायर हो गया हूं।'

कपिल के साथ हुआ था विवाद

बता दें कि सिडनी से वापस लौटते समय विमान में कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच लड़ाई हुई थी। खबरों की मानें तो कपिल ने नशे की हालत में सुनील पर जूता फेंका था और टीम के अन्य सदस्यों को भी बुरा-भला कहा था। हालांकि, कपिल ने बाद में ट्विटर पर सुनील से माफी भी मांगी थी और इसे घरेलु मामला बताया था।

ये भी पढ़ें: कपिल शर्मा ने सुनील ग्रोवर के बाद अली असगर और चंदन प्रभाकर को भी किया ट्विटर पर अनफॉलो

इन कलाकारों ने किया शो का बहिष्कार

इस घटना के बाद सुनील ग्रोवर ने शो की शूटिंग करने से इनकार कर दिया था। ग्रोवर के समर्थन में अली असगर और चंदन प्रभाकर ने भी शो का बहिष्कार कर दिया। मुख्य कलाकारों के चले जाने के बाद शो पर काफी बुरा असर पड़ा और टीआरपी भी कम हो गई है। वहीं सुनील ने हाल ही में दिल्ली में एक लाइव शो किया और इंडियन आइडल के ग्रैंड फिनाले में डॉक्टर मशहूर गुलाटी-रिंकू भाभी के रूप में परफॉर्म किया।

(IPL 10 की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)