/newsnation/media/media_files/2026/02/04/humanyu-kabir-2026-02-04-21-50-00.jpg)
पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर हिंसा के आरोपों को लेकर गरमा गई है. कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायक और जन उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर पर कथित तौर पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है. हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि उन पर 25 से 30 लोगों ने अचानक हमला कर दिया और इस दौरान उन्हें धमकाने के लिए नारेबाजी भी की गई.
शब-ए-बारात से लौटते वक्त हुआ हमला
हुमायूं कबीर के मुताबिक, यह घटना शब-ए-बारात के मौके पर हुई. वह एक दोस्त के घर दावत में शामिल होने गए थे, जहां लोगों से मुलाकात और बातचीत के बाद वह लौट रहे थे. इसी दौरान वार्ड नंबर 77 और 78 के बीच सड़क पर उनकी गाड़ी को घेर लिया गया और हमला कर दिया गया.
गाड़ी पर हमला और नारेबाजी का आरोप
पूर्व विधायक का कहना है कि हमलावरों ने उनकी कार पर हमला किया और उनके खिलाफ ‘BJP का गद्दार’ जैसे नारे लगाए. हुमायूं कबीर के अनुसार, यह हमला पूरी तरह योजनाबद्ध था और हमलावर स्थानीय स्तर पर सक्रिय कुछ लोगों से जुड़े हुए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोग बॉबी हकीम से जुड़े हैं.
'मैं डरने वाला नहीं हूं'- हुमायूं कबीर
हमले के बाद हुमायूं कबीर ने साफ शब्दों में कहा कि वह इस घटना से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा,
'मुझे किसी से डर नहीं लगता। ये लोग गुंडे हैं और गुंडों का काम गुंडागर्दी करना होता है. वे वही कर रहे हैं.'
‘गद्दार’ कहे जाने पर दिया जवाब
जब उनसे पूछा गया कि वह भाजपा में हैं भी नहीं, फिर उन्हें ‘बीजेपी का गद्दार’ क्यों कहा गया, तो उन्होंने इसे हमलावरों की मानसिकता बताया. हुमायूं कबीर ने कहा कि ऐसे लोग बिना तर्क के नारे लगाते हैं और सच्चाई से उनका कोई लेना-देना नहीं होता.
सुरक्षा कर्मियों ने बचाई जान
हुमायूं कबीर ने यह भी बताया कि उनके साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने की पूरी कोशिश की और जितना संभव था, उतनी सुरक्षा दी. उनकी वजह से बड़ा नुकसान टल सका.
'मैं सिर्फ ऊपरवाले से डरता हूं'
घटना को लेकर भावुक होते हुए हुमायूं कबीर ने कहा, “मैं सिर्फ ऊपरवाले से डरता हूं. इंतकाल तो एक दिन होना ही है, जहां होगा, वो ऊपरवाला तय करेगा.”
यह भी पढ़ें - ममता बनर्जी का सुप्रीम कोर्ट में इमोशनल अटैक, EC को 'व्हाट्सएप कमीशन' कहकर घेरा, CJI ने सुनीं दलीलें
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us