/newsnation/media/media_files/2026/02/12/up-free-bus-scheme-2026-02-12-13-54-02.jpg)
यूपी की रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी ये महिलाएं Photograph: (X@myogiadityanath/Social Media)
UP News: योगी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल का बुधवार को आखिरी बजट पेश कर दिया. जिसमें सभी वर्गों के लिए योजनाओं का एलान किया गया है. इसमें महिलाओं के लिए भी एक खास योजना की घोषणा की गई है. जिसके तहत महिलाएं राज्य की रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. हालांकि इस योजना के तहत सिर्फ 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं ही फ्री में सफर कर पाएंगी. योगी सरकार ने इस बार बजट में एक लाख रुपये की टोकन व्यवस्था की है. जो जल्द लागू होगी. बता दें कि अभी तक परिवहन निगम रक्षाबंधन पर हर साल सभी महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर कराता है.
जल्द लागू की जाएगी मुफ्त बस यात्रा
माना जा रहा है कि परिवहन विभाग जल्द ही इस व्यवस्था को लागू कर फ्री बस यात्रा शुरू कर देगा. बता दें कि कुछ समय पहले शासन ने 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निगम की बसों में मुफ्त यात्रा के लिए अधिकारियों से राय मांगी थी. इस व्यवस्था के लागू होने से बुजुर्ग महिलाओं को काफी राहत मिलेगी. हालांकि इस बारे में परिवहन निगम के अफसरों का कहना है कि अभी इस बारे में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. विभागीय सूत्रों की मानें तो टोकन व्यवस्था की गई है यानी जल्दी ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी.
बजट में महिलाओं को सशक्त बनाने पर फोकस
योगी सरकार ने इस बजट में महिलाओं को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया है. योगी सरकार ने महिलाओं को रोजी-रोजगार से जोड़ने के साथ बजट में भी 11 प्रतिशत का इजाफा किया है. महिला एवं बाल विकास विभाग का कुल बजट 18,620 करोड़ रुपये कर दिया गया है. स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लघु उद्योग स्थापित करने, ऋण निर्भरता से मुक्त करने और लखपति दीदी के लक्ष्य को गति प्रदान करने के लिए उप्र महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की जा रही है. जिसके लिए योगी सरकार ने 151.04 करोड़ का बजट निर्धारित किया है.
छह शहरों में बनाए जाएंगे 500 बेड के छात्रावास
वहीं राज्य के छह शहरों में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाए जाएंगे. जिनमें 500-500 बेड होंगे. इन छात्रावासों का निर्माण अयोध्या, बरेली, अलीगढ़, मिर्जापुर, सहारनपुर और मुरादाबाद में किया जाएगा. जिसमें कामकाजी महिलाओं को शहरों में सुरक्षित ढंग से रहने की सुविधा मिलेगी. जिसके लिए योगी सरकार ने 80 करोड़ का बजट निर्धारित किया है.
ये भी पढ़ें: UP Budget 2026: 10 लाख रोजगार, मेडिकल कॉलेज समेत योगी सरकार ने युवाओं के लिए बजट में किए गए ये बड़े एलान
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us