/newsnation/media/media_files/2026/02/23/double-decker-bus-accident-2026-02-23-17-53-12.jpg)
UP: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार (23 फरवरी) दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया. मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोसाईंगंज क्षेत्र के पास सवारियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 16 लोग घायल हो गए हैं. कुछ शुरुआती रिपोर्टों में चार मौतों की भी जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़ने की सूचना मिली.
लुधियाना से दरभंगा जा रही थी बस
यह बस पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा जा रही थी. हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खेमा खेड़ा गांव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी और अचानक ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण छूट गया और बस सड़क पर पलट गई.
लखनऊ में बड़ा हादसा, डबल डेकर बस पलटी, 16 लोग घायल है
— Mukesh Rajput Journalist (@Mukeshk92294988) February 23, 2026
लुधियाना(पंजाब) से दरभंगा(बिहार) जा रही थी बस
लखनऊ के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गोसाईगंज में हुआ हादसा pic.twitter.com/BSbzYMLzP1
मौके पर मची अफरा-तफरी
बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी. आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
हादसे का कारण
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद आना और तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है. घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा में सावधानी की जरूरत को सामने लाता है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही है.
यह भी पढ़ें- 'गिरफ्तारी का विरोध नहीं करेंगे हम', प्रयागराज पुलिस के वाराणसी पहुंचने पर बोले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us