/newsnation/media/media_files/2026/02/24/ghaziabad-news-2026-02-24-08-10-44.jpg)
UP:उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में खुले नाले में गिरने से एक व्यापारी की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा सिहानीगेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में 22 फरवरी की रात को हुआ. मृतक की पहचान 48 वर्षीय शंकर लाल गर्ग के रूप में हुई है, जो डासना गेट इलाके के रहने वाले थे.
घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, शंकर लाल रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से कूड़ा फेंकने निकले थे. वह श्री केशरी माता मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौटते थे. रविवार रात उनकी स्कूटी सड़क किनारे पड़ी मिली, जिसकी लाइट जल रही थी. पास जाकर देखने पर लोगों ने पाया कि एक व्यक्ति खुले नाले में गिरा हुआ है. राहगीरों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. साथ ही डायल-112 पर पुलिस को सूचना भी दी गई. पुलिस टीम एमएमजी अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. स्कूटी के पंजीकरण के आधार पर उनकी पहचान की गई, जिसकी पुष्टि उनके बड़े भाई योगेश गर्ग ने की.
सीसीटीवी जांच में टक्कर के संकेत नहीं
मौके पर एसीपी और नगर निगम के अधिकारी भी पहुंचे. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन किसी वाहन से टक्कर के सबूत नहीं मिले. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया लगता है कि स्कूटी पर रखी प्लास्टिक की बाल्टी के कारण वाहन असंतुलित हुआ और वह खुले नाले में जा गिरे.
नगर निगम पर लापरवाही के सवाल
इस घटना के बाद नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि नाला खुला होने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इलाके में शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन परिवार में मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें- UP: मेरठ में कपड़ा कारोबारी के घर में लगी आग, 5 बच्चों समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us