/newsnation/media/media_files/2025/11/01/bike-accident-greater-noida-2025-11-01-21-01-48.jpg)
सांकेतिक तस्वीर Photograph: (Social)
UP News:उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरूवार (27 नवंबर) रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. हयात नगर थाना क्षेत्र के पास रसूलपुर धतरा गांव के करीब कार और सब्जी से भरी पिकअप (बोलेरो) की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
कैसे हुई टक्कर?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन काफी तेज रफ्तार में थे और अचानक नियंत्रण बिगड़ने से आमने-सामने टकरा गए. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह कुचल गई और उसमें बैठे लोग फंस गए. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. थोड़ी ही देर में एंबुलेंस और पुलिस टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया. डॉक्टरों ने 6 लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी की हालत गंभीर है.
हादसे में मारे गए लोग अमरोहा के आदमपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वे रिश्तेदारी में दावत से लौट रहे थे. मृतकों की पहचान रोहित कुमार की पत्नी रेनू (36), बेटा भास्कर (8) बेटी रिया (11) बहन देववती (41) भाभी गीता (29) और साले किशन का बेटा कपिल (13) के रूप में हुई है. जबकि रोहित (39) और उनका बड़ा बेटा जय (14) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है. बाकी घायलों की हालत नाज़ुक बनी हुई है. अचानक आई इस दुर्घटना से परिवार का माहौल मातम में बदल गया. गांव में रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं. लोग कह रहे हैं कि ‘सिर्फ कुछ सेकेंड में सब कुछ खत्म हो गया.’
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं. पुलिस का भी कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सख्ती से कराने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- UP News: यूपी में अब इस जगह का बदलेगा नाम, गाजियाबाद में सीएम योगी ने किया ऐलान
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us