/newsnation/media/media_files/2025/12/27/greater-noida-girl-student-suicide-2025-12-27-17-11-01.jpg)
Greater Noida girl student suicide Photograph: (NN)
Greater Noida Suicide Case: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने 8वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया. इस घटना में AI का एंगल सामने आया है. यह घटना 23 तारीख की बताई जा रही है. छात्रा एक निजी स्कूल में पढ़ती थी और हाल ही में उसकी प्री-बोर्ड परीक्षा चल रही थी.
क्या हैं आरोप
पुलिस के मुताबिक, परीक्षा के दौरान छात्रा पर AI आधारित टूल्स के इस्तेमाल का शक जताया गया था. इसी दौरान उसका मोबाइल फोन पकड़ा गया. इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा को बुलाकर उससे पूछताछ की. इसी घटना के बाद से छात्रा काफी तनाव में थी. छात्रा के पिता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रशासन ने उनकी बेटी को सभी के सामने अपमानित किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया.
पूछताछ के दौरान छात्रा को डराया
पिता का कहना है कि पूछताछ के दौरान छात्रा को डराया गया और उस पर गलत तरीके से दबाव बनाया गया, जिससे वह टूट गई. उनका आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल और कुछ शिक्षकों की वजह से ही उनकी बेटी ने यह कदम उठाया.
पिता ने साफ तौर पर स्कूल प्रशासन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
आरोपों पर स्कूल की प्रतिक्रिया
वहीं, स्कूल प्रशासन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. स्कूल का कहना है कि सीबीएसई के नियमों के तहत परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन जब्त किया गया था. छात्रा को केवल सख्त चेतावनी दी गई थी और कोई अपमान या बदसलूकी नहीं की गई. स्कूल की प्रिंसिपल का कहना है कि छात्रा से बातचीत बहुत कम समय के लिए हुई थी और वह भी नियमों के दायरे में थी. उन्होंने कहा कि स्कूल में किसी भी तरह की मानसिक प्रताड़ना नहीं दी जाती.
सीसीटीवी फुटेज के जरिए होगी जांच
पुलिस के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने जांच के लिए CCTV फुटेज सौंप दी है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और छात्रा के परिवार, स्कूल स्टाफ और अन्य छात्रों से पूछताछ की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us