/newsnation/media/media_files/2026/02/21/kasganj-case-2026-02-21-23-31-58.jpg)
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड स्थित एक घर में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं. घर पिछले तीन दिनों से बंद था, जिसके बाद पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
घर में मिले 5 शव
जानकारी के अनुसार, घर सत्येंद्र उर्फ फौजी का बताया जा रहा है. शनिवार (21 फरवरी) शाम जब पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया. अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. एक कमरे में सत्येंद्र का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बच्चों- दो बेटियां (12 और 10 वर्ष) और एक बेटा (8 वर्ष) के शव बिस्तर पर पड़े थे.
कासगंज –थाना अमांपुर क्षेत्रांतर्गत एक ही परिवार के 05 लोगो के शव उनके घर में मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है । इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कासगंज सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा दी गई बाईट।@uppolicepic.twitter.com/oQ533nEWXg
— KASGANJ POLICE (@kasganjpolice) February 21, 2026
पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया गया और उसके बाद सत्येंद्र ने खुद फांसी लगाकर जान दे दी. हालांकि, यह केवल शुरुआती अनुमान है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल पर जांच जारी है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं परिवार पर कर्ज या किसी अन्य परेशानी का दबाव तो नहीं था.
मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम और एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. कमरे को सील कर दिया गया है और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा. फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है.
यह भी पढ़ें- तीन बुजुर्गों से मारपीट और गाली-गलौज, ऐसी हैवानियत देख गुस्से में कोई भी हो जाए
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us