/newsnation/media/media_files/2026/02/02/jaisalmer-thief-news-2026-02-02-16-53-22.jpg)
Rajasthan News:राजस्थान के जैसलमेर शहर में चोरी की एक अजीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक सरकारी कर्मचारी के खाली पड़े घर में चोरी करने के बाद चोर ने ऐसा संदेश छोड़ा, जिसे देखकर पुलिस भी चौंक गई. यह मामला आरसीपी कॉलोनी का है, जहां इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) के एक सहायक अभियंता का सरकारी क्वार्टर है.
सरकारी कर्मचारी के घर पर चोरी
जानकारी के अनुसार, सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ किसी सरकारी काम से बाड़मेर गए हुए थे. इसी दौरान उनके सूने घर को निशाना बनाकर चोर ने ताला तोड़ा और अंदर घुस गया. घर में घुसने के बाद चोर ने कीमती सामान चुरा लिया. वह घर से लैपटॉप और टीवी लेकर फरार हो गया.
लिपस्टिक से लिखा मजाकिया संदेश
लेकिन इस चोरी की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर जाते-जाते दीवारों पर लिपस्टिक से बड़े-बड़े अक्षरों में संदेश लिख गया. उसने मकान मालिक को ‘बिहारी बाबू’ कहकर संबोधित किया और मजाकिया अंदाज में लिखा कि “घर में दारू रखते हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो.”
चोर ने पुलिस को दी चुनौती
यही नहीं, चोर ने पुलिस को भी खुली चुनौती दी. दीवार पर लिखा गया कि “थाने में रिपोर्ट करोगे तो समय बर्बाद होगा… रिपोर्ट मत करना, मैं भूल जाऊंगा, तुम भी भूल जाना.” इस तरह के संदेशों ने मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है.
जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि चोर ने घर में रखे कुछ स्नैक्स भी खाए. पड़ोसी ने जब घर का टूटा हुआ ताला देखा तो तुरंत सोहन जांगिड़ को सूचना दी. वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला और दीवारों पर लिखे संदेश देखकर हैरान रह गए. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि चोर की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है.
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: जयपुर के फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, एक की मौत, 4 घायल
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us