/newsnation/media/media_files/2025/12/12/ed-ats-action-thane-2025-12-12-13-40-28.jpg)
ED ATS Action thane
Maharashtra: महाराष्ट्र केठाणे जिले के पडघा इलाके में गुरुवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ED) और महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) ने संदिग्ध आतंकी फंडिंग की जांच के तहत संयुक्त छापेमारी की. अधिकारियों के मुताबिक तलाशी अभियान करीब 40 ठिकानों पर चला और इसमें केंद्रीय जांच एजेंसियों सहित स्थानीय पुलिस भी शामिल है.
क्यों हुई कार्रवाई
सूत्रों ने बताया कि यह ऑपरेशन एटीएस और एनआईए के पुराने मामलों से जुड़ा हुआ है. एटीएस ने पहले पडघा के बोरीवली गांव में कुछ गतिविधियों को लेकर छानबीन की थी. उसी आधार पर गुरुवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई. कई संदिग्ध लोगों के घरों पर कार्रवाई जारी है और ईडी संदिग्ध वित्तीय लेनदेन को खंगाल रही है. एटीएस, ईडी की टीम की तकनीकी और स्थानीय स्तर पर मदद कर रही है. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
जांच में सामने आए अहम तथ्य
सूत्रों के मुताबिक बोरीवली गांव के निवासी साकिब नाचन पर गंभीर आरोप सामने आए हैं. जांच में पता चला है कि वह गांव को एक अलग देश घोषित करने की तैयारी कर रहा था. उसने कथित तौर पर इस क्षेत्र का नाम ‘अल-शाम’ रखा था और एक अलग संविधान, अलग मंत्रिमंडल और स्वतंत्र प्रशासनिक ढांचा भी तैयार कर लिया था. युवाओं को भड़काकर स्लिपर सेल बनाने की कोशिश का भी आरोप है. इसी आर्थिक नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की पहचान के लिए ईडी और एटीएस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
जून 2025 की कार्रवाई
इस साल जून में एटीएस और ठाणे ग्रामीण पुलिस ने बोरीवली गांव में सिमी (Students Islamic Movement of India) के पूर्व पदाधिकारी साक़िब नाचन तथा उसके समर्थकों के 22 ठिकानों पर तलाशी ली थी. उस दौरान 19 मोबाइल फोन, आपत्तिजनक दस्तावेज और कट्टरपंथ से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की गई थी.
एनआईए की पुरानी जांच
दो साल पहले एनआईए ने भी इसी क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों के सिलसिले में छापेमारी की थी. उसी कार्रवाई के दौरान साकिब नाचन को गिरफ्तार किया गया था. बाद में जून 2025 में उसकी दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई थी. फिलहाल ईडी–एटीएस की संयुक्त कार्रवाई जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति और स्रोत की जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: Delhi Bomb Threats: दिल्ली में कोर्ट और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, जांच शुरू
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us