बोकारो के पहले विधायक और भाजपा के संस्थापक सदस्य समरेश सिंह ने 1 दिसंबर, 2022 को दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. शुक्रवार को समरेश सिंह की शव यात्रा उनके आवास सेक्टर 4, बोकारो से निकाला गया. यात्रा निकलने से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किया. श्रद्धा सुमन अर्पित करने जमशेदपुर पूर्वी के पूर्व विधायक सरयू राय, खादी ग्राम उद्योग के पूर्व अध्यक्ष जयनन्दू, धनबाद के भाजपा सांसद पशुपतिनाथ सिंह सहित तमाम राजनीतिक दल के नेता पहुंचे. बता दें कि समरेश सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा. इसके साथ ही बोकारो पुलिस के जवानों ने पार्थिव शरीर पर तिरंगा समर्पित कर उन्हें सम्मान दिया.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि समरेश सिंह का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि समरेश सिंह एक जुझारू और लड़ाकू नेता थे. उन्होंने झारखंड अलग राज्य का प्रस्ताव भाजपा के राष्ट्रीय कार्यसमिति में वर्ष 1988 में देने का काम किया था. समरेश सिंह ने वनांचल के नाम से इस राज्य को अलग करने का प्रस्ताव दिया था. आज उनके प्रयास से ही यह राज्य आज अलग हुआ है. जमशेदपुर पूर्वी के पूर्व विधायक सरयू राय ने कहा कि समरेश सिंह के जैसा नेता आज तक ना हुआ है, ना होगा. वह एक अलग व्यक्तित्व के जन नेता थे. उनका जाना झारखंड के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है.
धनबाद के भाजपा सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 1990 में समरेश सिंह ने ही उन्हें पार्टी में शामिल कराया था. आज वह अगर भाजपा में है तो उन्हीं की देन है क्योंकि समरेश सिंह के नेतृत्व में ही उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष होने के बाद भी वह किसी से अलग नहीं थे.
HIGHLIGHTS
. स्वर्गीय समरेश सिंह की निकाली गई शव यात्रा
. तमाम राजनीतिक नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
Source : News State Bihar Jharkhand