Jharkhand: झारखंड पुलिस के अनुसंधान अधिकारियों को मिलेगा स्मार्टफोन, पुलिस मुख्यालय ने बदले नियम

Jharkhand: झारखंड पुलिस हेडक्वार्टर ने अनुसंधान कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सरकारी योजना के तहत स्मार्टफोन देने का फैसला किया है. वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रांची में महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया.

Jharkhand: झारखंड पुलिस हेडक्वार्टर ने अनुसंधान कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सरकारी योजना के तहत स्मार्टफोन देने का फैसला किया है. वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रांची में महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया.

author-image
Deepak Kumar
New Update
Jharkhand-police

Photograph: (Jharkhand Police (X))

Jharkhand: झारखंड पुलिस में अनुसंधान कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों के लिए बड़ी खबर है. अब राज्य सरकार की योजना के तहत इन अधिकारियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपने जांच कार्य को और बेहतर तरीके से कर सकें. इस संबंध में झारखंड पुलिस हेडक्वार्टर ने पहले जारी दिशानिर्देशों में संशोधन करते हुए नया आदेश जारी किया है.

Advertisment

क्या है स्मार्टफोन देने का उद्देश्य?

पुलिस मुख्यालय के अनुसार कार्यालय उपकरण मद के तहत अनुसंधान कार्य में उपयोग के लिए मोबाइल फोन खरीदने के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है. इसका उद्देश्य यह है कि जांच से जुड़े पुलिस अधिकारी डिजिटल माध्यम से केस से संबंधित जानकारी, दस्तावेज और अन्य जरूरी काम आसानी से कर सकें.

पुलिस मुख्यालय ने किया नियम में बदलाव

दरअसल, इससे पहले 17 मार्च 2025 को जारी निर्देशों के अनुसार केवल उन्हीं अनुसंधानकर्ताओं को नया मोबाइल फोन देने का प्रावधान था, जिनकी सेवा अवधि कम से कम चार साल शेष हो. इसके अलावा यह भी शर्त थी कि पिछले दो वर्षों से अनुसंधान कार्य में सक्रिय नहीं रहने वाले अधिकारियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

हालांकि कई जिलों से यह शिकायत सामने आई कि इन शर्तों के कारण बड़ी संख्या में अनुसंधान अधिकारी इस योजना से वंचित रह गए थे. इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने इस मामले की समीक्षा की और पुराने नियमों में आंशिक संशोधन करने का फैसला लिया. अब नए आदेश के अनुसार वर्तमान में अनुसंधान कार्य कर रहे सभी पुलिस पदाधिकारियों को इस योजना के तहत मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाएगा.

महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित

इधर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) के अवसर पर रांची में महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महिला पुलिसकर्मियों को छाता भेंट कर सम्मानित किया और उनकी मेहनत की सराहना की.

मंत्री संजय सेठ ने कहा कि महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की ठंड जैसे कठिन मौसम में भी सड़कों पर खड़े होकर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना कर्तव्य निभाती हैं. शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है. इस अवसर पर मौजूद लोगों ने भी महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सेवा भावना की सराहना की.

यह भी पढ़ें- महिला दिवस पर झारखंड सरकार का बड़ा तोहफा, 40 हजार सहिया को मिले 22-22 हजार रुपये

Jharkhand government Jharkhand
Advertisment