/newsnation/media/media_files/2026/02/16/kashmir-tourist-plances-2026-02-16-19-58-36.jpg)
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए 14 पर्यटन स्थलों को दोबारा खोलने का आदेश जारी किया. ये सभी स्थल पिछले वर्ष अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद एहतियातन बंद कर दिए गए थे. प्रशासन को उम्मीद है कि इस निर्णय से केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सहारा मिलेगा.
पहलगाम हमले के बाद कड़ा कदम
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे. इस घटना के बाद सुरक्षा कारणों से करीब 50 पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। सरकार ने स्पष्ट किया था कि यह कदम केवल सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है.
अब विस्तृत सुरक्षा समीक्षा और एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श के बाद चरणबद्ध तरीके से इन स्थलों को फिर से खोला जा रहा है. इससे पहले सितंबर में 12 पर्यटन स्थलों को खोला गया था. ताजा आदेश के बाद दोबारा शुरू किए गए स्थलों की कुल संख्या 26 हो गई है.
11 tourist spots in Kashmir Division- Yousmarg, Doodhpathri in Budgam, Dandipora Park in Kokernag, Peer Ki Gali, Dubjan & Padpawan in Shopian, Astanpora, Tulip Garden in Srinagar, Thajwas Glacier, Hung Park in Ganderbal & Wullar/ Watlab in Baramulla to be reopened immediately.
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) February 16, 2026
सुरक्षा समीक्षा के बाद फैसला
उपराज्यपाल कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन किया गया है. इसके बाद कश्मीर और जम्मू संभाग के कई स्थलों को तत्काल प्रभाव से खोलने का निर्देश दिया गया. प्रशासन का कहना है कि इन स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि पर्यटक बिना किसी डर के प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें.
कश्मीर संभाग में खुलने वाले स्थल
कश्मीर क्षेत्र में 11 पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने की मंजूरी दी गई है. इनमें यूसमर्ग, दूधपथरी, दांडीपुरा पार्क, पीर की गली, दुबजान, पदपावन, अस्तनपोरा, ट्यूलिप गार्डन, थजवास ग्लेशियर, हंग पार्क और वुलर-वाटलाब शामिल हैं.
ये स्थल प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर पर्यटन के लिए प्रसिद्ध हैं. इनके खुलने से स्थानीय होटल, गाइड और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को भी राहत मिलेगी.
जम्मू संभाग में भी राहत
जम्मू क्षेत्र के तीन प्रमुख पर्यटन स्थल देवी पिंडी, महू मंगत और मुगल मैदान को भी तत्काल प्रभाव से खोल दिया गया है. वहीं गुरेज, अथवाटू, बंगस और रामकुंड जैसे चार अन्य स्थल बर्फ हटने के बाद पर्यटकों के लिए उपलब्ध होंगे.
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को संबल
जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है. हाल के वर्षों में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा घटनाओं ने अस्थायी असर डाला. सरकार को विश्वास है कि इन स्थलों के दोबारा खुलने से पर्यटकों का भरोसा मजबूत होगा और आने वाले सीजन में घाटी में फिर से चहल-पहल देखने को मिलेगी.
यह भी पढ़ें - J&K: कठुआ में 5 संदिग्ध आतंकियों की तस्वीरें जारी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us