/newsnation/media/media_files/2025/12/12/delhi-crime-kalka-ji-2025-12-12-20-39-59.jpg)
सांकेतिक तस्वीर
Delhi News: दिल्ली के सीलमपुर से फायरिंग का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान तारिक हसन के रूप में हुई है. यह घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली थी कि गोली लगने से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
क्या है पूरा मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तारिक हसन मंगलवार दोपहर करीब 1:15 बजे सीलमपुर अपने एक दोस्त के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था. अंतिम संस्कार के बाद वह अपने दोस्त सद्दाम के साथ इलाके के के-ब्लॉक में स्थित एक बिरयानी की दुकान पर खाना खाने गया था. बताया जा रहा है कि दोनों करीब तीन बजे दुकान पर पहुंचे थे.
ऐसे लगी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिरयानी खाने के बाद सद्दाम हाथ धोने के लिए दुकान के अंदर चला गया, जबकि तारिक बाहर ही खड़ा रहा. इसी दौरान अचानक तारिक जमीन पर बैठ गया. जब सद्दाम बाहर आया तो तारिक ने उसे बताया कि उसे गोली लग गई है. यह सुनते ही सद्दाम घबरा गया और तुरंत तारिक को पास के ऑटो रिक्शा में बैठाकर जीटीबी अस्पताल लेकर गया.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तारिक की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने और क्यों मारी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
हर एंगल से हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह आपसी रंजिश का मामला तो नहीं है या फिर किसी और वजह से गोलीबारी हुई. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी.
यह भी पढ़ें: US Firing: अमेरिका की चर्च में गोलीबारी, दो लोगों की मौत और छह घायल
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us