/newsnation/media/media_files/2026/01/29/kajal-chaudhary-2026-01-29-17-29-47.jpg)
Swat कमांडो काजल चौधरी
दिल्ली से घरेलू हिंसा का एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. दिल्ली पुलिस की 27 वर्षीय SWAT कमांडो काजल चौधरी की उनके ही पति द्वारा बेरहमी से की गई पिटाई के बाद मौत हो गई. काजल चार महीने की गर्भवती थीं और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई थीं, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया.
वित्तीय विवाद के बाद हिंसक हमला
जानकारी के अनुसार यह घटना 22 जनवरी की है. काजल चौधरी और उनके पति अंकुर के बीच पैसों को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. इसी दौरान गुस्से में आकर अंकुर ने काजल पर हमला कर दिया और भारी डंबल से उनके सिर पर वार किया. हमले में काजल को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं.
फोन पर भाई ने सुनी हमले की आवाज
काजल के भाई निखिल, जो पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना में कांस्टेबल हैं, भाई ने आरोप लगाया कि घटना के समय उनकी बहन ने उन्हें फोन किया था. बातचीत के दौरान ही अंकुर ने काजल पर हमला शुरू कर दिया. निखिल ने फोन पर मारपीट की आवाजें सुनीं. कुछ ही मिनटों बाद अंकुर ने खुद फोन पर यह जानकारी दी कि उसने काजल पर हमला किया है.
ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप
निखिल ने यह भी आरोप लगाया कि काजल की सास और दो ननदें लगातार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रही थीं. इसके अलावा यह भी सामने आया है कि अंकुर ने काजल के माता-पिता से पैसे भी लिए थे. पुलिस इन सभी आरोपों की भी जांच कर रही है.
हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अंकुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस सेवा में 2022 में हुई थी भर्ती
काजल चौधरी की भर्ती वर्ष 2022 में दिल्ली पुलिस में हुई थी. वह वर्तमान में स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिक्स यानी SWAT टीम में तैनात थीं. उनकी शादी वर्ष 2023 में अंकुर से हुई थी, जो रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है और दिल्ली कैंट में पोस्टेड था. दंपत्ति का एक डेढ़ साल का बेटा भी है.
महिला सुरक्षा पर फिर सवाल
यह घटना एक बार फिर महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े करती है. खासकर तब, जब पीड़िता खुद एक प्रशिक्षित पुलिसकर्मी थी. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.
ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में दंपत्ति ने बच्चों के साथ खाया जहर, पति-पत्नी की मौत, तीनों बच्चे गंभीर
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us