/newsnation/media/media_files/2024/10/17/5r7u6OL2TEX1KpRziAz8.jpg)
सांकेतिक तस्वीर
Delhi News: दिल्ली के पश्चिमी इलाके में स्थित पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार के अंदर तीन लोगों के शव मिले. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में मिले शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं, जिनकी फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है.
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर एक टवेरा कार काफी देर से खड़ी थी. आसपास से गुजर रहे लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने कार के अंदर झांककर देखा. अंदर तीन लोग अचेत अवस्था में पड़े हुए थे. तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि तीनों की मौत हो चुकी है.
कार जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया. फोरेंसिक टीम ने कार और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की और जरूरी सबूत इकट्ठा किए. पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत की सही वजह का पता चल सके.
हर पहलुओं पर हो रही जांच
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, यह मामला जहर खाकर आत्महत्या का हो सकता है. हालांकि, पुलिस किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है. मृतकों की उम्र 40 से 70 साल के बीच बताई जा रही है.
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं. कुछ लोगों का मानना है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि कुछ इसे हत्या से जोड़कर देख रहे हैं.
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि कार वहां कब और कैसे पहुंची. इसके अलावा, कार के नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान करने की कोशिश भी की जा रही है. फिलहाल, पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में किसकी लापरवाही से युवक की गई जान? रातभर भटकता रहा परिवार, गड्ढे में गिरा युवक
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us