/newsnation/media/media_files/2026/01/08/arvind-kejriwal-punjab-2026-01-08-21-53-24.jpg)
Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि राजधानी में अपराध और लोगों के लापता होने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं. पार्टी के अनुसार, बीते 15 दिनों में बड़ी संख्या में लोग अचानक गायब हो गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है.
मुद्दे को बताया बेहद गंभीर
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि दिल्ली में लोगों की सुरक्षा को लेकर हालात चिंताजनक हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि सिर्फ 15 दिनों में 807 लोगों के लापता होने की खबरें सामने आई हैं. उनका कहना है कि यह कोई सामान्य स्थिति नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है.
चिंता का है विषय- अरविंद केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि देश की राजधानी में अगर लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, तो यह बेहद चिंता का विषय है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार के पास हर स्तर पर जिम्मेदारी और संसाधन हैं, फिर भी दिल्ली में ऐसे हालात क्यों बन रहे हैं.
जनता से AAP ने की सतर्क रहने की अपील
उधर, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से भी सतर्क और सावधान रहने की अपील की है. पार्टी का कहना है कि हाल के दिनों में जो आंकड़े सामने आए हैं, वे डराने वाले हैं. पार्टी ने खासतौर पर माता-पिता से अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है.
कुल 807 लोग लापता
पार्टी के मुताबिक, 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता बताए गए हैं, यानी औसतन हर दिन करीब 54 लोग गायब हो रहे हैं. आम आदमी पार्टी ने इसे कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति बताया है और कहा है कि इस तरह के आंकड़े किसी भी शहर के लिए चिंता का कारण बनते हैं.
आम लोगों में डर का माहौल
पार्टी नेताओं का कहना है कि राजधानी में दिनदहाड़े अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है. उन्होंने मांग की है कि सरकार को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए. आम आदमी पार्टी ने कहा कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं होते, तब तक दिल्ली के लोगों को खुद भी सतर्क रहना होगा और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत प्रशासन को जानकारी देनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: वैलेंटाइन डे पर पार्टनर के साथ चाहते हैं प्राइवेसी, तो दिल्ली-NCR के ये कैफे डेट के लिए हैं एकदम परफेक्ट
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us