/newsnation/media/media_files/2026/01/27/saurabh-bhardwaj-2026-01-27-23-38-13.jpg)
Saurabh Bhardwaj Photograph: (NN)
Delhi News: आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में कूड़े के नए पहाड़ बनने और उससे भूजल के प्रदूषण को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली में कूड़े के गलत प्रबंधन की वजह से आम लोगों की सेहत पर बड़ा खतरा पैदा हो रहा है. खासतौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के इलाकों में रहने वाले लोग इसकी सबसे बड़ी मार झेल रहे हैं.
किराड़ी जैसे इलाकों में डाला जा रहा कूड़ा
मंगलवार को 'आप' मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीते कई वर्षों से दिल्ली में कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता गया. इसका नतीजा यह हुआ कि कूड़े के पहाड़ अब पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए खतरा बन चुके हैं. उन्होंने कहा कि भलस्वा लैंडफिल का कूड़ा किराड़ी जैसे इलाकों में डाला जा रहा है, जहां पहले से ही बुनियादी सुविधाओं की कमी है.
बेहद चिंताजनक दिखे हालात
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि हाल ही में किराड़ी इलाके का दौरा करने पर हालात बेहद चिंताजनक नजर आए. जहां तक नजर जाती है, वहां तक कूड़ा फैला हुआ है. तेज बदबू, उड़ती धूल और जहरीली गैसों की वजह से वहां कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और गले की परेशानी आम हो गई है.
कूड़े में कई तरह के रसायन मौजूद
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि कूड़े में प्लास्टिक, पॉलिथीन और कई तरह के रसायन मौजूद हैं. बारिश के दौरान इसी कूड़े से निकलने वाला तरल पदार्थ जमीन के नीचे जाकर भूजल को प्रदूषित कर रहा है. किराड़ी जैसे इलाकों में लोग ज्यादातर ट्यूबवेल के पानी पर निर्भर हैं, ऐसे में यह पानी धीरे-धीरे जहर बनता जा रहा है. इससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है.
पर्यावरण विशेषज्ञों से ली जाए सलाह
सौरभ भारद्वाज ने मांग की कि कूड़े के निपटान को लेकर वैज्ञानिक और पर्यावरण विशेषज्ञों से सलाह ली जाए और पारदर्शी तरीके से समाधान निकाला जाए. उन्होंने कहा कि कूड़े को एक जगह से दूसरी जगह डालकर समस्या को छुपाया नहीं जा सकता. जरूरत इस बात की है कि कूड़े का सही तरीके से वैज्ञानिक प्रबंधन हो, ताकि दिल्ली के लोगों की सेहत और भविष्य सुरक्षित रह सके.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत, बिना गारंटी 10 करोड़ तक मिलेगा लोन
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us