/newsnation/media/media_files/2025/09/30/cm-rekha-2025-09-30-18-29-20.jpg)
cm rekha Photograph: (social media)
दिल्ली सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, दिल्ली के प्रथम मुख्य कार्यकारी पार्षद एवं दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर बुधवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति बताया।
सादगी के नए मानक स्थापित किए
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके निवास पर जाकर वी के मल्होत्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रो. मल्होत्रा न केवल भाजपा और जनसंघ के वरिष्ठतम नेताओं में से एक थे, बल्कि दिल्ली की राजनीति को नई दिशा देने वाले महानायक भी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सांसद और विधायक के रूप में वी के मल्होत्रा ने राजनीति में जनसेवा और सादगी के नए मानक स्थापित किए। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की मजबूत नींव रखी और असंख्य कार्यकर्ताओं को अनुशासन, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया।
कौशल और सादगी का जीता-जागता उदाहरण
उन्होंने आगे कहा, “मल्होत्रा जी का जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और सादगी का जीता-जागता उदाहरण था। वे हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए पितृ-तुल्य मार्गदर्शक रहे। उनका निःस्वार्थ और समर्पित जीवन हम सबके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।” मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय मल्होत्रा जी का निधन न केवल भाजपा परिवार, बल्कि दिल्ली के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए भी अपूरणीय शून्यता छोड़ गया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ये भी पढ़ें: भगदड़ के दो दिन बाद एक्टर विजय ने शोक संदेश जारी किया, कहा-कभी ऐसी दर्दनाक स्थिति का सामना नहीं किया