/newsnation/media/media_files/2026/01/29/global-gurukulam-2026-01-29-22-12-52.jpg)
Global Gurukulam Photograph: (NN)
Chhattisgarh News: बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के सुदूर आदिवासी गांव भेजा जंगली में अब बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलने वाली है. यहां तथागत ग्लोबल गुरुकुलम की स्थापना होने जा रही है, जिसका विधिवत भूमि पूजन किया गया. खास बात यह है कि इस गुरुकुलम में गांव और वनांचल क्षेत्र के बच्चों को निशुल्क और उच्च स्तरीय शिक्षा दी जाएगी.
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ रहे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष और रिटायर्ड आईएएस एन. पी. सिंह और अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष जी. आर. राणा विशेष रूप से मौजूद रहे. यह आयोजन जकवार फाउंडेशन और तथागत ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीण शामिल हुए.
बच्चों को शहरों जैसी शिक्षा जरूरी
कार्यक्रम की शुरुआत राजा राव बाबा और कंकालीन माता की पूजा-अर्चना से हुई. इसके बाद शहीद वीर नारायण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया गया. लोगों को संबोधित करते हुए एन. पी. सिंह ने कहा कि इस गुरुकुलम का मकसद समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों को अच्छी शिक्षा से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि जब तक गांव के बच्चों को शहरों जैसी शिक्षा नहीं मिलेगी, तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता.
कैसा होगा ये स्कूल
एन. पी. सिंह ने बताया कि भेजा जंगली में बनने वाला यह स्कूल शिक्षा के स्तर पर दिल्ली और बड़े शहरों के नामी स्कूलों जैसा होगा. यहां पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को संस्कार, जीवन मूल्य, व्यक्तित्व विकास और करियर की सही दिशा दी जाएगी. गुरुकुलम में सेना, केंद्रीय बलों की भर्ती की तैयारी, रोजगार से जुड़े कोर्स और महिलाओं के लिए कुटीर उद्योग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
कब से शुरू होग निर्माण कार्य
रिटायर्ड आईएएस ने आगे कहा कि स्कूल का निर्माण कार्य फरवरी से शुरू होगा और राजा राव पठार में होने वाले पूजा आयोजन के समय इसका उद्घाटन करने का लक्ष्य है. उन्होंने भरोसा जताया कि यहां से पढ़कर बच्चे आगे चलकर आईएएस, आईपीएस और जज जैसे पदों तक पहुंचेंगे. इस गुरुकुलम से भेजा जंगली समेत आसपास के 10 से 12 गांवों के बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा. इस पहल से पूरे वनांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल है. कार्यक्रम में सरपंच शीला यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: UGC New Rules Surpeme Court Stay: अधिवक्ता हरि शंकर जैन ने यूजीसी के नियम को बताया बांटने वाला
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us