/newsnation/media/media_files/2026/02/21/tejashwi-yadav-and-maithili-thakur-2026-02-21-12-53-04.jpg)
Tejashwi yadav and Maithili Thakur
Bihar News: बिहार विधानसभा में दिए गए एक बयान को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है. आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर पर तीखा हमला बोला है. तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए उनका फोटो साझा करते हुए कहा कि कुछ लोग विधायक बनते ही खुद को राजनीति का बड़ा जानकार समझने लगते हैं.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, गुरुवार को विधानसभा में बोलते हुए अलीनगर से पहली बार विधायक बनी मैथिली ठाकुर ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के अपने छोटे बेटे के प्रति स्नेह की तुलना महाभारत के धृतराष्ट्र और दुर्योधन से की थी. हालांकि उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन “2005 से पहले का बिहार” कहकर उन्होंने उस दौर की ओर इशारा किया जब राज्य में आरजेडी की सरकार थी. उनके इस बयान को लेकर सदन में भी हलचल देखी गई.
तेजस्वी यादव ने कसा तंज
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि विधानसभा की बुनियादी जानकारी भी ठीक से समझे बिना कुछ लोग ‘जननायक’ पर कटाक्ष करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दरभंगा जिले में हाल ही में हुई दलित लड़की के दुष्कर्म और हत्या की घटना पर संबंधित विधायक ने कोई आवाज नहीं उठाई.
पहले अपने क्षेत्र की स्थिति पर दें ध्यान- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि जो लोग आरजेडी शासनकाल को ‘जंगल राज’ बताते हैं, उनके अपने परिवार ने हाल ही में मधुबनी जिले में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है, जबकि राज्य में उनकी ही पार्टी की सरकार है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले अपने क्षेत्र और सरकार की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए.
आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और गहर सकता है, क्योंकि मामला सीधे तौर पर बड़े नेताओं और पुराने शासनकाल से जुड़ा हुआ है.
यह भी पढ़ें: Bihar News: राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए तेज प्रताप यादव, आरोपों से किया इनकार
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us