/newsnation/media/media_files/2025/07/21/patna-metro-2025-07-21-11-54-57.jpg)
Representational Image
Bihar News: पटना मेट्रो परियोजना के तहत जंक्शन के पास बनने वाला मेट्रो स्टेशन पूरे नेटवर्क का सबसे अहम केंद्र बनने जा रहा है. बुद्धा पार्क के समीप विकसित हो रहा यह स्टेशन एक इंटरचेंज स्टेशन होगा, जहां से कॉरिडोर वन और कॉरिडोर टू, दोनों की मेट्रो सेवाएं यात्रियों को मिलेंगी. इसके शुरू होने के बाद पटना के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.
लाइफलाइन की निभाएगा स्टेशन
यह स्टेशन राजधानी के लिए एक तरह से लाइफलाइन की भूमिका निभाएगा. यहां से शहर के लगभग सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के लिए सीधा कनेक्शन मिलेगा. यात्रियों को लाइन बदलने के लिए अलग स्टेशन पर उतरने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी.
3 लेयर में होगा निर्माण
पटना मेट्रो का यह जंक्शन स्टेशन तीन लेयर में बनाया जा रहा है. पहले तल पर टिकट काउंटर, सुरक्षा जांच, प्रवेश और निकास द्वार के साथ यात्रियों की बुनियादी सुविधाएं होंगी. इसके ऊपर दूसरे और तीसरे तल पर मेट्रो के प्लेटफार्म बनाए जाएंगे. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एस्केलेटर और लिफ्ट की भी व्यवस्था की जा रही है.
कैसी होंगी व्यवस्थाएं
भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए दोनों कॉरिडोर के लिए अलग-अलग प्लेटफार्म होंगे. दूसरे तल से कॉरिडोर टू की मेट्रो सेवाएं मिलेंगी, जो पटना मेट्रो स्टेशन से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक चलेंगी. वहीं तीसरे तल से कॉरिडोर वन की ट्रेनें चलेंगी, जो दानापुर होते हुए खेमनीचक तक जाएंगी. इस व्यवस्था से यात्री बिना स्टेशन बदले ही अपनी दिशा बदल सकेंगे.
साइट पर हो रहा यूटिलिटी टेस्ट
फिलहाल स्टेशन साइट पर यूटिलिटी टेस्ट पिट का काम चल रहा है. इस टेस्ट के जरिए जमीन के नीचे मौजूद बिजली, पानी, सीवर और अन्य लाइनों की पहचान की जा रही है. इसके पूरा होने के बाद मुख्य खुदाई का काम शुरू होगा.
जमीन के नीचे होगा संचालन
डाकबंगला चौराहा के पास दोनों कॉरिडोर की मेट्रो ट्रेनें जमीन से करीब छह मीटर नीचे समानांतर चलेंगी और पटना मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेंगी. आकाशवाणी की ओर से आने वाली मेट्रो लगभग 11–12 मीटर नीचे से दूसरे तल तक पहुंचेगी, जबकि विद्युत भवन की ओर से आने वाली ट्रेन करीब 23–24 मीटर नीचे से तीसरे तल तक आएगी.
स्टेशन से जुड़ेंगी 3 टनल
इस स्टेशन से कुल तीन टनल जुड़ेंगी. आकाशवाणी की दिशा वाली टनल बनकर तैयार हो चुकी है, जबकि मीठापुर और विद्युत भवन की ओर जाने वाली टनलों पर काम होना बाकी है. पूरा नेटवर्क तैयार होने के बाद यह स्टेशन पटना मेट्रो का सबसे बड़ा और व्यस्त जंक्शन बन जाएगा.
यह भी पढ़ें: Bihar News: कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन पुल का निरीक्षण करने पहुंचे CM नीतीश, इस माह तक पूरा हो सकता है निर्माण
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us