/newsnation/media/media_files/2026/02/08/bihar-6-lane-bridge-2026-02-08-16-44-06.jpg)
Bihar 6 lane bridge Photograph: (RoadConst Dept Bihar X Post)
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार सुबह कच्ची दरगाह–बिदुपुर निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल का निरीक्षण किया. इस दौरान वे आला अधिकारियों के साथ पुल के पाया संख्या 54 के पास पहुंचे और निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि पुल का सारा काम तय समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए.
जल्द से जल्द 6 लेन पुल चालू करने के निर्देश
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री पटना के लिए रवाना हो गए. जानकारी के अनुसार उन्होंने पुल निर्माण एजेंसी को जल्द से जल्द बिदुपुर तक सिक्स लेन पुल चालू करने का निर्देश दिया है. फिलहाल यह पुल कच्ची दरगाह से राघोपुर तक चालू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है. बिदुपुर तक पुल के शुरू हो जाने के बाद गांधी सेतु पर यातायात का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा.
कब तक शुरू होने की उम्मीद
निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च 2026 तक बिदुपुर तक सिक्स लेन पुल चालू कर दिया जाएगा. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इससे पहले 9 दिसंबर 2025 को भी इस पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर चुके हैं और एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया था.
4.57 किलोमीटर लंबी सड़क का किया था उद्घाटन
इस पुल के प्रथम चरण में मुख्यमंत्री ने 23 जुलाई 2024 को एनएच-31 से राघोपुर तक 4.57 किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया था. इसके बाद राघोपुर के लोगों के लिए पटना आना-जाना पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है. यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला एक मजबूत वैकल्पिक मार्ग भी बन गया है.
3000 करोड़ रुपये का लिया है लोन
करीब 5000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सिक्स लेन पुल गंगा नदी पर कच्ची दरगाह और बिदुपुर को जोड़ता है. पुल की कुल लंबाई 22.76 किलोमीटर है, जिसमें 9.76 किलोमीटर हिस्सा गंगा नदी पर बना है. यह पुल एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे डिजाइन पर आधारित है, जो इसे अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाता है. इस परियोजना में एशियन डेवलपमेंट बैंक से 3000 करोड़ रुपये का लोन लिया गया है, जबकि 2000 करोड़ रुपये बिहार सरकार खर्च कर रही है.
यह भी पढ़ें: Bihar News: यहां बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, 4228 एकड़ जमीन चिन्हित, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us