/newsnation/media/media_files/2026/02/07/cng-station-2026-02-07-19-19-54.jpg)
CNG Station
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में सीएनजी (CNG) स्टेशनों की संख्या जल्द ही बढ़ने वाली है. जिले में सीएनजी की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन और गैस कंपनियों ने नए स्टेशनों के निर्माण की योजना तैयार की है. इस योजना के तहत पटना जिले में कुल 24 नए सीएनजी स्टेशन बनाए जाने हैं. इनमें से 12 स्टेशनों का निर्माण कार्य फिलहाल चल रहा है, जबकि 12 स्टेशनों का निर्माण अभी शुरू होना बाकी है.
बढ़ जाएंगे CNG स्टेशन
अधिकारियों के मुताबिक, जब ये सभी नए सीएनजी स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे, तब पटना जिले में सीएनजी स्टेशनों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो जाएगी. इससे सीएनजी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबी लाइनों की समस्या भी कम होगी.
पटना के इन इलाकों में तेजी चल रहा काम
निर्माण कार्य की बात करें तो पटना के आर ब्लॉक, ट्रांसपोर्ट नगर, राजेंद्र नगर और फुलवारी परिवहन परिसर समेत कई इलाकों में सीएनजी स्टेशनों का काम तेजी से चल रहा है. जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर में बनने वाला मदर सीएनजी स्टेशन इसी साल मार्च 2026 तक तैयार हो सकता है. वहीं, फुलवारी परिवहन परिसर में सीएनजी स्टेशन के लिए अभी गेल कंपनी और परिवहन विभाग के बीच समझौता होना बाकी है. एग्रीमेंट पूरा होते ही वहां भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
पेट्रोल पंपों पर भी हो रही तैयारी
इसके अलावा, पटना के 10 और पेट्रोल पंपों पर भी सीएनजी स्टेशन लगाने की तैयारी है. इसके लिए पेट्रोल पंप मालिकों को प्रस्ताव भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि पटना में सीएनजी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है. फिलहाल शहर में करीब 30 हजार सीएनजी वाहन चल रहे हैं, जिनमें ऑटो, बस, कार और अन्य छोटे वाहन शामिल हैं.
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
विशेषज्ञों के मुताबिक, लगभग 1200 सीएनजी वाहनों पर एक स्टेशन होना जरूरी है. ऐसे में नए स्टेशनों के बनने से आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी. सीएनजी वाहनों के कई फायदे भी हैं. पेट्रोल और डीजल की तुलना में सीएनजी सस्ती पड़ती है, जिससे वाहन चालकों का खर्च कम होता है. साथ ही, सीएनजी से कार्बन मोनोऑक्साइड और धुएं का उत्सर्जन कम होता है, जिससे प्रदूषण भी घटता है. सीएनजी वाहनों के इंजन में कार्बन जमाव कम होने से इंजन ज्यादा समय तक ठीक रहता है.
यह भी पढ़ें: बिहार सरकार का बड़ा फैसला, अब सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील गाने बजाने पर होगी FIR
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us