/newsnation/media/media_files/2026/02/25/bihar-firing-2026-02-25-14-40-08.jpg)
बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस समय भयावह घटना में बदल गया, जब जयमाल के मंच पर दुल्हन को गोली मार दी गई. मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली का है, जहां खुशियों के बीच अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयमाल की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे. इसी दौरान एक युवक अचानक मंच पर चढ़ गया और दुल्हन पर फायरिंग कर दी. गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई.
उत्तर प्रदेश से आई थी बारात
जानकारी के मुताबिक, बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से चौसा पहुंची थी. समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद थे. जयमाल कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
घायल दुल्हन की पहचान 18 वर्षीय आरती कुमारी के रूप में हुई है. घटना के तुरंत बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि आरोपी दुल्हन का पड़ोसी है और मामला कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इस संबंध में पुष्टि नहीं की है.
गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर के सदर अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.
डॉक्टरों के अनुसार, गोली शरीर के संवेदनशील हिस्से में लगी है, जिससे स्थिति नाजुक बनी हुई है. परिवार के लोग अस्पताल में मौजूद हैं और दुल्हन के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता में हैं.
पुलिस की छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा. अधिकारियों ने यह भी कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.
इस घटना ने न केवल एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, बल्कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की कार्रवाई और दुल्हन की सेहत पर अब सबकी नजरें टिकी हैं.
यह भी पढ़ें - ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े युवक की गोलियों से भून कर हत्या, हत्या के बाद आरोपी फरार
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us