/newsnation/media/media_files/2026/02/20/airport-2026-02-20-19-28-37.jpg)
Airport
Bihar News: बिहार कैबिनेट की शुक्रवार को हुई अहम बैठक में राज्य के विकास से जुड़ा बड़ा फैसला लिया गया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने को मंजूरी दे दी गई. मुख्य सचिवालय में आयोजित बैठक में सभी मंत्री मौजूद रहे और कुल 35 एजेंडों पर मुहर लगी.
4200 एकड़ से ज्यादा जमीन पर बनेगा एयरपोर्ट
सरकार ने सोनपुर में करीब 4200 एकड़ से ज्यादा जमीन पर ग्रीनफील्ड मॉडल के तहत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की योजना को अंतिम स्वीकृति दी है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 1302 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है. जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट के निर्माण के लिए लगभग 4228 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा.
यहां होगा एयरपोर्ट का निर्माण
यह एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग के उत्तर और गंडक नदी के पश्चिम दरियापुर चंवर इलाके में बनाया जाएगा. सरकार का कहना है कि इस परियोजना से उत्तर बिहार समेत आसपास के जिलों को सीधा लाभ मिलेगा. हवाई यात्रा आसान होगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आएगा.
रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद
बताया जा रहा है कि सोनपुर में बनने वाला यह एयरपोर्ट पूर्वी भारत का पहला और देश का पांचवां बड़ा ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा. इसके बनने से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों को भी रोजगार के मौके मिलेंगे और क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा.
छोटे हवाई अड्डे विकसित करने की भी योजना
इसके अलावा राज्य सरकार ने छह अन्य शहरों में छोटे हवाई अड्डे विकसित करने की योजना को भी आगे बढ़ाया है. मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, वाल्मीकि नगर, मुजफ्फरपुर और सहरसा में हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है. इन शहरों में एयरपोर्ट शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में सहूलियत मिलेगी.
सोनपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मंजूरी को बिहार के बुनियादी ढांचे में बड़ा कदम माना जा रहा है. आने वाले समय में यह परियोजना राज्य की हवाई कनेक्टिविटी की तस्वीर बदल सकती है.
यह भी पढ़ें: Bihar News: पटना को मिला नया आधुनिक पब्लिक स्पेस, 'स्क्वॉयर स्ट्रीट' की हुई शुरुआत; जानें कितना है आकर्षक
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us