/newsnation/media/media_files/2026/02/19/patna-square-street-2026-02-19-17-32-46.jpg)
Patna Square Street
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना अब तेजी से स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ रही है. शहर को एक और आधुनिक और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल मिला है. मंदिरी से सटे खटाल गली इलाके में ‘स्क्वॉयर स्ट्रीट’ नाम से एक नया पब्लिक स्पेस तैयार किया गया है. यह परियोजना पटना नगर निगम की पहल पर विकसित की गई है.
क्यों है ये परिसर इतना खास
करीब 2564 वर्गमीटर में फैला यह चौकोर परिसर आकर्षक डिजाइन और साफ-सुथरे लेआउट के साथ बनाया गया है. खुला और व्यवस्थित माहौल इसे खास बनाता है. यहां परिवार और युवा दोस्तों के साथ सुकून के पल बिता सकेंगे. शाम के समय यह जगह लोगों के लिए नई पसंदीदा डेस्टिनेशन बन सकती है.
बनाई गईं है आकर्षक पेंटिंग्स
पूरे क्षेत्र में मजबूत पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं, जिससे धूल और कीचड़ की समस्या खत्म हो गई है. अलग-अलग जगहों पर आरामदायक बेंच लगाई गई हैं, जहां लोग बैठकर समय बिता सकते हैं. दीवारों पर शहर की संस्कृति और आधुनिक सोच को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग्स बनाई जा रही हैं. रात के समय यह परिसर और भी खूबसूरत दिखेगा. यहां 30 कास्ट आयरन पोल पर डिजाइनर लाइटें लगाई गई हैं, जो दूधिया रोशनी से पूरे इलाके को जगमग करेंगी.
क्या है आगे की योजना
इस प्रोजेक्ट को व्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में भी विकसित किया गया है. फूड वेंडरों को तय स्थान दिए जाएंगे, जिससे सड़क किनारे अव्यवस्थित दुकानों की समस्या कम होगी. आसपास के इलाकों में लगने वाली दुकानों को यहां स्थानांतरित करने की योजना है, जिससे छोटे कारोबारियों को स्थायी जगह मिलेगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधरेगी.
सेल्फी पॉइंट भी कर रहा युवाओं को आकर्षित
युवाओं को आकर्षित करने के लिए ‘स्क्वॉयर स्ट्रीट’ नाम का बड़ा सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है. सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. यह नया पब्लिक स्पेस शहर की सुंदरता और व्यवस्था दोनों को मजबूत करेगा.
यह भी पढ़ें: Bihar News: बिहार में 12 लाख गरीबों को जल्द मिलेगा पक्के मकान का पैसा, नीतीश सरकार ने दिलाया भरोसा
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us