/newsnation/media/media_files/2026/03/04/team-india-on-holi-festival-beat-west-indies-2-times-in-world-cup-history-2026-03-04-13-16-13.jpg)
Team India on Holi: होली के दिन टीम इंडिया को हराना मुश्किल नहीं नामुमकिन, वर्ल्डकप में इस टीम को 2 बार चटाई धूल Photograph: (Source - BCCI)
Team India on Holi: आज यानि 4 मार्च को पूरे देश में होली का त्योहार मनाया जा रहा है. क्रिकेट फैंस के लिए सोने पर सुहागा ये है कि टी20 विश्वकप का खुमार भी जारी है. जहां अब सेमीफाइनल मुकाबलों की बारी आ चुकी है, कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड की भिड़ंत होने वाली है, फिर 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए उतरेंगे.
वैसे तो अमूमन इस समय तक आईपीएल शुरू हो चुका है, लेकिन 2 बार ऐसा हुआ है जब विश्वकप खेला जा रहा था. इसी बीच इस लेख के जरिए हम आपको बताने वाले हैं कि आखिर भारतीय क्रिकेटर कब-कब होली के दिन मैदान पर उतरे थे. इतना ही नहीं होली के दिन टीम इंडिया को हराना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है, आंकड़े खुद इस बात की गवाही दे रहे हैं.
भारत बनाम वेस्टइंडीज - 2011
भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में वर्ल्डकप 2011 का आयोजन किया गया था. विश्वकप के दौरान होली का त्योहार 20 मार्च को आया था, इस दिन टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई के मैदान पर उतरी थी. भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. लेकिन शुरुआत उम्मीद के अनुसार नहीं हुई, सिर्फ 8 रन के संयुक्त स्कोर पर सचिन तेंदुलकर (2) को गंवा दिया था. फिर गौतम गंभीर (22) और विराट कोहली (59) के बीच दूसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई.
मिडल ऑर्डर में असली ताकत युवराज सिंह ने झोंकी, उन्होंने 123 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से 113 रन की शानदार पारी खेली. जिसके दम पर भारत ने 268 रन बनाए, इस पारी की खास बात ये है थी कि कैंसर से जूझते हुए खून की उल्टी होने के बावजूद यूवी ने मैदान नहीं छोड़ा.
वेस्टइंडीज की बारी आई तो ओपनर डेवोन स्मिथ ने 81 रन की शानदार पारी खेली. लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज फिफ्टी नहीं बना पाया. 91 रन पर 2 विकेट गिरने के बावजूद विंडीज टीम सिर्फ 188 के स्कोर पर सिमट कर रह गई. लिहाजा भारत ने 80 रन के अंतर से जीत अपने नाम की, जहीर खान 2 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज बने. युवराज ने 4 ओवर के स्पेल में 2 विकेट ली.
यह भी पढ़ें - IND vs ENG Semifinal: वानखेड़े में भारत-इंग्लैंड की भिड़ंत, जानिए कैसा रहेगा मौसम और पिच का मिजाज
भारत बनाम वेस्टइंडीज - 2015
साल 2015 में होली का त्योहार 6 मार्च की तारीख को मनाया गया, इस समय वर्ल्डकप 2015 खेला जा रहा था. सभी भारतीय खिलाड़ी अपने घर से दूर ऑस्ट्रेलिया में थे;. पर्थ के W.A.C.A स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज का मुकाबला खेला गया. जिसमें टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत अपने नाम की थी. विंडीज कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. लेकिन उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ, क्योंकि मात्र 85 के स्कोर पर कैरिबियाई टीम के 7 बल्लेबाज पवेलियन की राह लौट चुके थे. अंत में होल्डर ने खुद 57 रन बनाकर जैसे-तैसे टोटल को 182 तक पहुंचाया.
लक्ष्य का जवाब देते हुए टीम इंडिया की सलामी जोड़ी फेल हुई, रोहित शर्मा और शिखर धवन क्रमश: 7 और 9 रन बनाकर आउट हो गए. इस मुश्किल स्थिति में विराट कोहली ने 36 गेंदों में 33 रन बनाकर पारी संभाली. अंत में एमएस धोनी ने 56 गेंदों में 45 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया. सुरेश रैना (22), रवींद्र जडेजा (16) और आर अश्विन (16) ने भी माही का साथ दिया. लक्ष्य तक पहुंचते हुए भारत ने 6 विकेट गंवा दिए थे. इस विश्वकप में भारत को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद बाहर होना पड़ा था.
यह भी पढ़ें - IND vs ENG Semifinal: वानखेड़े स्टेडियम में शानदार है भारत का T20 रिकॉर्ड, अंग्रेजों की बढ़ जाएगी सिरदर्दी?
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us