/newsnation/media/media_files/2026/02/14/swami-ramdev-maharaj-2026-02-14-14-17-56.jpg)
Swami Ramdev Maharaj
योगगुरु स्वामी रामदेव आज यानी 14 फरवरी, शनिवार को दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों को लाइव के जरिए संबोधित करने वाले हैं. यह आयोजन शिक्षा के बदलते स्वरूप और भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को लेकर किया जा रहा है. ऐसे में चलिए जानते हैं इस प्रोग्राम में कौन-कौन लोग शामिल होने वाले हैं.
शिक्षा प्रणाली में बदलाव की जरूरत पर जोर
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान शिक्षा ढांचे पर गंभीर मंथन करना है. स्वामी रामदेव अपने संबोधन में कहेंगे कि आज के समय में केवल डिग्री आधारित पढ़ाई पर्याप्त नहीं है. उनका मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण होना चाहिए. वे युवाओं से आह्वान करेंगे कि वे विदेशी मानसिकता से बाहर निकलें और भारतीय ज्ञान परंपरा को समझें. कार्यक्रम में यह भी बताया जाएगा कि कैसे मूल्य आधारित शिक्षा आने वाली पीढ़ियों को आत्मनिर्भर बना सकती है.
मैकाले शिक्षा नीति पर होगी चर्चा
आज कार्यक्रम में वर्ष 1835 में लागू की गई मैकाले शिक्षा नीति पर भी विचार रखा जाएगा. स्वामी रामदेव के अनुसार यह नीति भारतीय समाज को अपनी जड़ों से दूर करती है. इसी कारण आज जरूरत है एक ऐसे शिक्षा ढांचे की, जो संस्कृति, योग, आयुर्वेद और नैतिक मूल्यों से जुड़ा हो.
भारतीय शिक्षा बोर्ड की अहम भूमिका
इस अवसर पर भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एन. पी. सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) भी उपस्थित रहेंगे. वे कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए शिक्षा सुधार की दिशा में बोर्ड की योजनाओं की जानकारी देंगे. एन. पी. सिंह बताएंगे कि बोर्ड का लक्ष्य भारतीय सोच पर आधारित पाठ्यक्रम को बढ़ावा देना है. उनका कहना है कि इससे देश को सही मायनों में शैक्षिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता मिल सकती है.
कौन-कौन होंगे शामिल?
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक, शिक्षक और शिक्षा विशेषज्ञ शामिल होंगे. सभी का उद्देश्य एक ही है भारत को फिर से “विश्व गुरु” के मार्ग पर ले जाना. आयोजकों के अनुसार, यह संवाद देश की शिक्षा दिशा को नई सोच देने वाला साबित हो सकता है.
कितने बजे से शुरु होगा कार्यक्रम?
स्वामी रामदेव दोपहर 3:30 बजे अपना भाषण देना शुरू कर देंगे. इस कार्यक्रम का आयोजन यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार, दिल्ली में होगा. लोगों को एंट्री इसके 4 नंबर गेट से होगी. इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा. इसके लिए खास व्यवस्था की गई है. मल्टीकैम लाइव प्रसारण एएनआई और स्वामी रामदेव महाराज के फेसबुक हैंडल पर शेयर किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 'मैकाले की शिक्षा नीति के बंधनों से मुक्त होने की जरूरत', बाबा रामदेव इस मुद्दे पर बच्चों और अभिभावकों करेंगे संवाद
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us