/newsnation/media/media_files/2026/02/08/weather-update-8-january-2026-02-08-07-46-32.jpg)
Weather Update: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. कई क्षेत्रों में जहां ठिठुर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं वहीं कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं जहां गर्मी ने अभी से असर दिखाना शुरू भी कर दिया है. वहीं सुबह की हल्की ठंड और कोहरे के बाद दिन में निकलती तेज धूप लोगों को राहत देती भी नजर आ रही है. यानी मौसम में 24 घंटे के अंदर ही कई तरह के रूप देखने को मिल रहे हैं. ऐसे में तबीयत बिगड़ना यानी सर्दी जुकाम जैसी बीमारियां भी बढ़ रही हैं. क्योंकि शाम होते ही गलन भरी सर्दी फिर से लौट आती है. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार दिन मौसम के लिहाज से अस्थिर रहेंगे. दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. आइए जानते हैं आपके इलाके में फिलहाल मौसम कैसा रहेगा.
बदलते मौसम से बढ़ी स्वास्थ्य चिंता
फरवरी के शुरुआती दिनों में मौसम का यह दोहरा रूप लोगों की सेहत पर असर डाल सकता है. दिन में गर्मी और रात में ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय तापमान में अचानक बदलाव शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करता है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है.
दिल्ली-NCR में धूप के साथ ठंडी हवाएं
दिल्ली-NCR में इन दिनों मौसम का मिजाज काफी अनोखा बना हुआ है. सुबह और रात के समय घना कोहरा और ठंड लोगों को परेशान कर रहा है, जबकि दिन में तेज धूप और चलती हवाएं गर्माहट का एहसास करा रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. मौसम में बदलाव के कारण प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार हो सकता है.
यूपी, बिहार और झारखंड में कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन करीब 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार में दिन के समय धूप के बावजूद ठंडी हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं. कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है, जिससे यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
झारखंड में शीतलहर का प्रभाव बढ़ने की संभावना जताई गई है. कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है.
राजस्थान में तापमान गिरने के आसार
राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट देखी जा सकती है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 9 फरवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर अजमेर, जोधपुर, जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ जैसे इलाकों में महसूस होगा. हल्के बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से बढ़ी मुश्किलें
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है. कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
पश्चिमी विक्षोभ बना मौसम का मुख्य कारण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में मौसम बदलाव का प्रमुख कारण है. इसके प्रभाव से बादल, बारिश, बर्फबारी और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले चार दिन मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहेंगे, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us